समाचार · मध्य प्रदेश
22 लाख की गौशाला...7 साल में एक गाय नहीं पहुंची:जबलपुर के सगड़ा-छपनी में बनी, गेट-चारा मशीन और बोरिंग का सामान गायब
गोवंश संरक्षण के नाम पर सरकार ने लाखों रुपए खर्च कर गौशालाएं बनाईं, लेकिन जिम्मेदारों की अनदेखी से ये गौशालाएं बदहाल हो रही हैं। जबलपुर की ग्राम पंचायत सगड़ा-छपनी में 2018-19 में करीब 22 लाख रुपए की लागत से बनी गौशाला इसका उदाहरण है। सात साल बीतने के बाद भी यहां एक गाय तक नहीं पहुंची। गोवंश को रखने के उद्देश्य से बनाई गई गौशाला अब वीरान पड़ी है। देखरेख के अभाव में इसका गेट, चारा काटने की मशीन और बोरिंग का सामान तक गायब हो चुका है। गौशाला के मुख्य द्वार पर लगाया गया लोहे का गेट अब नहीं है। गोवंश के लिए चारा काटने की मशीन भी चोर ले गए। पानी की व्यवस्था के लिए कराई गई बोरिंग की मशीन भी गायब है। ग्रामीणों के मुताबिक, गौशाला की देखरेख नहीं होने से धीरे-धीरे यहां लगा सामान गायब होता गया और परिसर बदहाल हो गया। 100 गोवंश रखने के लिए बने थे शेड, आज भी खाली गौशाला में 100 से अधिक गोवंश रखने के लिए शेड बनाए गए थे। उद्देश्य जंगल में घूमने वाले गोवंश को सुरक्षित आश्रय देना था, लेकिन निर्माण के बाद से ही यहां एक भी पशु नहीं रखा गया। ग्रामीणों का कहना है कि गोवंश आज भी गांव की सड़कों पर बैठते हैं और खेतों में घुसकर फसलों को नुकसान पहुंचाते हैं। इससे किसानों और पशु मालिकों के बीच विवाद भी होते हैं। स्थानीय ग्रामीण नारायण विश्वकर्मा के मुताबिक, सात साल पहले बनी गौशाला पर अब तक 18-19 लाख रुपए खर्च हो चुके हैं, लेकिन यह आज भी अधूरी है। आसपास से बड़ी गाड़ियां गौशाला के अंदर से गुजरने लगी हैं। यहां से अवैध रूप से रास्ता भी बना दिया गया है। मेंटेनेंस के नाम पर राशि, गोवंश एक भी नहीं ग्रामीणों का कहना है कि गौशाला के रखरखाव के नाम पर अच्छी-खासी राशि आती है। जब यहां गोवंश ही नहीं रखे गए तो यह पैसा कहां खर्च हो रहा है और किसकी जेब में जा रहा है, यह जांच का विषय है। पंचायत सचिव और सरपंच की लापरवाही के कारण लाखों रुपए की लागत से बनी गौशाला उपयोग में नहीं आ सकी। सरपंच बोलीं- गौशाला खंडहर नहीं, काम चल रहा ग्राम पंचायत सरपंच किरण यादव का कहना है कि गौशाला खंडहर नहीं हुई है, बल्कि अभी इसका काम चल रहा है। पूर्व सरपंच मनोज झरिया के कार्यकाल में 17 लाख रुपए के काम करवाए गए थे। वर्तमान में भी गौशाला का काम जारी है और जल्द ही इसे पूरा कर लिया जाएगा। जिला पंचायत सीईओ बोले- जांच कराएंगे जिला पंचायत सीईओ अभिषेक गहलोत ने कहा कि सगड़ा-छपनी ग्राम पंचायत में लाखों रुपए खर्च होने के बावजूद गौशाला अधूरी होने की जानकारी मिली है। जल्द ही अधिकारियों को मौके पर भेजकर जांच कराई जाएगी कि राशि खर्च होने के बाद भी गौशाला की स्थिति ऐसी क्यों है। सचिव और सरपंच से भी जवाब तलब किया जाएगा।