समाचार · पंजाब
ढोल माता मंदिर की बरमी गिराने का मामला:पठानकोट के धीरा में बवाल, एक ही परिवार के 4 लोगों पर धार्मिक भावनाएं भड़काने का केस दर्ज
पठानकोट के वार्ड नंबर 41 धीरा में प्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक ढोल माता मंदिर परिसर के सामने बनी करीब 80 वर्ष पुरानी बरमी को तोड़ने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस धार्मिक स्थल को क्षति पहुंचाए जाने से नाराज ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में रोष को देखते हुए पुलिस ने 4 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। बता दें, शुक्रवार को गांव धीरा के लोग एसपी जगदीश अत्री से मिले थे। जहां धीरा को लोगों ने उक्त लोगों पर उनकी धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाने के आरोप लगा कार्रवाई की मांग की थी। 3 दिन में कार्रवाई ना होने पर लोगों ने थाना घेरने की चेतावनी दी थी। लेकिन, तय समय पूरा होने से पहले ही डिवीजन नंबर 2 पठानकोट की पुलिस ने एक ही परिवार के चार सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। 100 साल पुराना है ढोल माता मंदिर पुलिस को दी गई शिकायत में सुरिंदर सिंह मन्हास निवासी वार्ड नंबर 41, धीरा ने बताया कि उनके मोहल्ले में लगभग 100 वर्ष पुराना ऐतिहासिक 'ढोल माता मंदिर' स्थित है। इस मंदिर के पास ही लगभग 6 महीने पहले नरेश कुमार नामक व्यक्ति ने अपना नया मकान बनाया था। नरेश कुमार के मुख्य गेट के सामने गली के पार लगभग 80 साल पुरानी एक पवित्र 'बरमी' बनी हुई थी, जहां पूरे गांव व मोहल्ले के लोग वर्षों से पूजा-अर्चना करते और दीपक जलाते आ रहे थे। हर साल दिवाली से दो दिन पहले इस पवित्र बरमी और ढोल माता मंदिर में विशाल भंडारे व धार्मिक समागम का आयोजन किया जाता है, जिससे पूरे क्षेत्र के लोगों की गहरी धार्मिक आस्था जुड़ी हुई है। पवित्र बरमी को किया क्षतिग्रस्त, रोकने पर दी धमकियां शिकायतकर्ता के अनुसार, 29 अक्टूबर की दोपहर लगभग 1:30 बजे नरेश कुमार की बेटियों कोमल व सिम्मी और उसकी पत्नी प्रवीण ने मिलकर उनके घर के सामने स्थित इस पवित्र बरमी को अचानक तोड़ना शुरू कर दिया और उसे क्षतिग्रस्त कर दिया।
इसके अगले दिन, 30 अक्टूबर को आरोपियों ने दोबारा बरमी के बचे हुए हिस्से को भी ढहाना शुरू कर दिया। उसी समय गली से गुजर रहे स्थानीय निवासी शमशेर सिंह सलारिया ने उन्हें रोका और पवित्र स्थल को तोड़ने पर कड़ा ऐतराज जताया। धार्मिक आस्था का अपमान और बहसबाजी शोर सुनकर जब शिकायतकर्ता सुरिंदर सिंह मन्हास और मोहल्ले के अन्य लोग मौके पर इकट्ठा हुए, तो आरोपियों ने उनके साथ तीखी बहसबाजी शुरू कर दी और गाली-गलौज पर उतर आए। शिकायतकर्ता का आरोप है कि दर्जनों लोगों की मौजूदगी में आरोपियों ने न केवल अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, बल्कि सार्वजनिक रूप से यह भी कहा कि वे इस धार्मिक ढांचे को नहीं मानते। इसके बाद आरोपियों ने जान से मारने की धमकियां देते हुए माहौल को तनावपूर्ण बना दिया। चारों आरोपियों पर विभिन्न धाराओं के तहत FIR दर्ज गांव वासियों की शिकायत और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए थाना डिवीजन नंबर 2 की पुलिस ने आरोपी नरेश कुमार, प्रवीण, कोमल व सिम्मी के खिलाफ आईपीसी की धारा 295, 506, 427 और BNS की धारा 298, 352, 3(5), 324(4) के तहत केस दर्ज कर लिया है।