समाचार · झारखंड
लोहरदगा में दीपावली की धूम, दीपों और झालरों से जगमगाया शहर-गांव; देर रात तक आतिशबाजी

लोहरदगाः प्रकाश और खुशियों का पर्व दीपावली जिलेभर में धूमधाम और उल्लास के साथ मनाया गया. दीपों के इस त्योहार पर पूरा लोहरदगा रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठा. शहर से लेकर गांवों तक दीपावली की रौनक देखने को मिली. लोगों ने अपने घरों, प्रतिष्ठानों और दुकानों को आकर्षक ढंग से सजाया. शाम होते ही घरों की चौखट, छत और आंगन दीपों तथा रंग-बिरंगी झालरों से जगमगा उठे. चारों ओर रोशनी से पूरा वातावरण उत्सवमय नजर आया.
ये भी पढ़ें: Watch Video: रांची में लगेगी निशा भगत की प्रतिमा, आदिवासी संगठनों ने किया ऐलान
लक्ष्मी-गणेश की पूजा कर मांगी सुख-समृद्धि
दीपावली को लेकर बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में खासा उत्साह देखा गया. लोगों ने विधि-विधान से मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की तथा परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की. पूजा के बाद लोगों ने एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं. देर शाम से ही आतिशबाजी का दौर शुरू हो गया, जो देर रात तक चलता रहा. रंग-बिरंगे पटाखों और आसमान में बिखरती रोशनी ने दीपावली की रौनक और बढ़ा दी.
जुआ अड्डों पर देर रात तक जमे रहे लोग
दीपावली के मौके पर जहां एक ओर लोग दीप जलाकर खुशियां मना रहे थे, वहीं दूसरी ओर शहर के विभिन्न इलाकों में जुआ खेलने वालों की भी भीड़ देखी गयी. कई स्थानों पर देर रात तक जुए का खेल चलता रहा. दीपावली के दौरान जुआ खेलने की परंपरा के नाम पर बड़ी संख्या में लोग दांव लगाते नजर आये. इस दौरान छोटे-बड़े दांव के साथ रुपये का लेन-देन भी होता रहा. त्योहार के उल्लास के बीच विभिन्न स्थानों पर लगे जुआ अड्डों की भी चर्चा रही.
ये भी पढ़ें: 9 नवंबर की टॉप 10 खबरें: पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और भागलपुर में बनेंगे पुलिस जोन, बिहार में EOU को मिलेगी नई टीम
कुल मिलाकर दीपावली पर लोहरदगा में रोशनी, आतिशबाजी, मिठाइयों और आपसी सौहार्द का माहौल देखने को मिला. लोगों ने उत्साह और उमंग के साथ प्रकाश पर्व मनाया तथा एक-दूसरे के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की. पूरे जिले में देर रात तक उत्सव का माहौल बना रहा.