समाचार · मध्य प्रदेश
गोहद उप जेल से छह माह पहले फरार आरोपी पकड़ाया:जेल की दीवार फांदकर भागा था, नाबालिग को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप
भिंड के गोहद उप जेल से छह महीने पहले फरार हुआ आरोपी अनिल गोयल पुलिस के हत्थे चढ़ गया। नाबालिग बालिका को प्रताड़ित करने और उसे आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में वह जेल में बंद था। 8 जून को जेल की दीवार फांदकर फरार होने के बाद पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। 7 नवंबर को गोहद और मौ थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर उसे ग्राम रतवा स्थित मानसा देवी मंदिर के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। नाबालिग को करता था परेशान, आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप पुलिस के अनुसार, आरोपी अनिल गोयल नाबालिग बालिका से मोबाइल नंबर मांगता था। वह उसके घर के सामने पहुंचकर गाली-गलौज करता और जान से मारने की धमकी देता था। लगातार प्रताड़ना से मानसिक रूप से परेशान होकर बालिका ने 29 सितंबर 2025 को अपने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में मौ थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया था। बाद में उसे गोहद उप जेल में निरुद्ध किया गया था। दीवार फांदकर भागा था, छह महीने से तलाश कर रही थी पुलिस 8 जून 2026 को आरोपी जेल की दीवार फांदकर फरार हो गया था। इसके बाद गोहद थाने में उसके खिलाफ फरारी का मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा के निर्देशन में उसकी तलाश के लिए टीम गठित की गई थी। 7 नवंबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी ग्राम रतवा स्थित मानसा देवी मंदिर के पास मौजूद है। इसके बाद गोहद और मौ थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और उसे गिरफ्तार कर लिया।