समाचार · पंजाब
जालंधर के पटाखा मार्केट में बवाल:दो गुटों में चले जमकर लात-घूंसे, सोशल मीडिया पर मारपीट का वीडियो हुआ वायरल
जालंधर स्थित राववाली गांव के पटाखा मार्केट में देर रात पटाखा खरीदारने आए दो गुटों के बीच किसी मामूली बात पर कहासुनी हो गई, जिसने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया। दोनों पक्षों के युवकों के बीच बाजार के बीचों-बीच जमकर लात-घूंसे और थप्पड़ चले। इस हिंसक मारपीट का वीडियो वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दोनों गुटों के लोगों ने एक-दूसरे पर हमला किया प्रत्यक्षदर्शियों के राहुल के अनुसार, त्यौहार के कारण राववाली गांव के पटाखा मार्केट में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। इसी दौरान पटाखों की खरीदारी या रास्ते को लेकर युवकों के दो समूहों में बहस शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों गुटों के लोगों ने एक-दूसरे पर हमला कर दिया।
वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बाजार के मुख्य हिस्से में दर्जनों लोग मौजूद हैं। भीड़ के बीच कई युवक आपस में बुरी तरह उलझ रहे हैं और एक-दूसरे को मारते हुए नजर आ रहे हैं। इस हंगामे के दौरान मार्केट में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास मौजूद खरीदारी करने आए लोग अपनी जान बचाकर इधर-उधर हटने लगे। बाजार में मौजूद अन्य दुकानदारों और लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन हंगामा कर रहे युवक लगातार एक-दूसरे पर हावी होने की कोशिश करते रहे। मारपीट के कारण काफी देर तक खरीदारी बाधित रही।
मारपीट के बाद पुलिस जांच में जुटी घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस अब वायरल वीडियो के आधार पर मारपीट में शामिल युवकों की पहचान करने की कोशिश कर रही है, ताकि आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।