समाचार · हरियाणा
नारनौल में आज फ्री में मिलेंगे गोल-गप्पे:बेटी के जन्मदिन पर हर साल खिलाते हैं मुफ्त, चौथे जन्मदिन पर 50 हजार का सामान तैयार
नारनौल के एक गोलगप्पे विक्रेता ने बेटी के जन्म को खुशी और उत्सव से जोड़कर समाज के सामने मिसाल पेश की है। किलारोड मुख्य बाजार में गोलगप्पे की रेहड़ी लगाने वाले उदय सैनी अपनी बेटी के जन्मदिन पर हर साल लोगों को मुफ्त में गोलगप्पे खिलाते हैं। उदय मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं और पिछले करीब सात साल से नारनौल में रह रहे हैं। किलारोड पर गोलगप्पे की रेहड़ी लगाकर वे अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। चार साल पहले उनके घर बेटी इशिका ने जन्म लिया। बेटी के जन्म की खुशी उदय ने अपने तक सीमित नहीं रखी, बल्कि लोगों के साथ बांटने का फैसला किया। बेटी के जन्म के दिन उन्होंने लोगों को मुफ्त में गोलगप्पे खिलाए। पूरा दिन खिलाएंगे इसके बाद यह उनके परिवार की एक तरह से परंपरा बन गई। इशिका के हर जन्मदिन पर उदय लोगों को मुफ्त में गोलगप्पे खिलाते हैं। इस बार भी बेटी के चौथे जन्मदिन पर उन्होंने पूरे दिन लोगों को मुफ्त गोलगप्पे खिलाने की तैयारी की है। इसके लिए उन्होंने करीब एक सप्ताह पहले ही अपनी रेहड़ी के पीछे फ्लैक्स लगाकर लोगों को इसकी जानकारी दे दी थी। बोले- हमारे लिए बेटी साक्षात लक्ष्मी है उदय सैनी कहते हैं कि उनके लिए बेटी इशिका साक्षात लक्ष्मी है। उन्होंने बताया कि बेटी के जन्म के बाद से उनके काम में भी काफी अच्छा बदलाव आया है। रेहड़ी का कारोबार पहले से बेहतर चलने लगा। इसी खुशी को वह हर साल बेटी के जन्मदिन पर लोगों के साथ साझा करते हैं। उदय का कहना है कि लोगों को मुफ्त में गोलगप्पे खिलाने में उन्हें किसी तरह का बोझ महसूस नहीं होता, बल्कि इससे उन्हें खुशी मिलती है। वह कहते हैं कि समाज में कई लोग बेटियों को बोझ मानते हैं, लेकिन उन्होंने अपनी बेटी को कभी बोझ नहीं समझा। उनके लिए बेटी का जन्म परिवार के लिए खुशी और सौभाग्य लेकर आया है। पहले 20-25 हजार खर्च किए, अब करीब 50 हजार का इंतजाम उदय ने बताया कि जब उन्होंने पहली बार बेटी के जन्मदिन पर लोगों को गोलगप्पे खिलाए थे, तब करीब 20 से 25 हजार रुपए का खर्च आया था। अब हर साल लोगों की संख्या बढ़ने के साथ खर्च भी बढ़ गया है। इस बार उन्होंने करीब 50 हजार रुपए का सामान तैयार करके रखा है। उनका कहना है कि जन्मदिन पर लोगों को मुफ्त गोलगप्पे खिलाने के लिए वे पहले से तैयारी करते हैं। सुबह से लेकर शाम तक आने वाले लोगों को गोलगप्पे खिलाए जाएंगे। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग उनकी रेहड़ी पर पहुंचते हैं। अच्छे स्कूल में पढ़ाने का सपना उदय ने बताया कि उनकी बेटी इशिका अब नर्सरी कक्षा में पढ़ रही है। वे उसकी पढ़ाई और परवरिश में किसी तरह की कमी नहीं छोड़ना चाहते। उदय का सपना है कि इशिका आगे चलकर किसी अच्छे स्कूल में पढ़े और बेहतर शिक्षा हासिल करे। उन्होंने कहा कि अभी उनके परिवार में एक ही बेटी है और वह चाहते हैं कि इशिका को अच्छी शिक्षा और बेहतर सुविधाएं मिलें। वह पढ़-लिखकर अपने परिवार और शहर का नाम रोशन करे, यही उनकी सबसे बड़ी इच्छा है। हर साल जन्मदिन पर जुटती है भीड़ इशिका के जन्मदिन पर मुफ्त गोलगप्पे खिलाने की खबर आसपास के लोगों को पहले से ही रहती है। इसके चलते हर साल उनकी रेहड़ी पर लोगों की भीड़ जुटती है। उदय का कहना है कि लोग उनकी पहल को पसंद करते हैं और कई लोग बेटी को जन्मदिन की शुभकामनाएं भी देते हैं। भविष्य की उम्मीद उदय की यह पहल सिर्फ एक पिता की अपनी बेटी के प्रति खुशी नहीं, बल्कि समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश भी है कि बेटियां बोझ नहीं, परिवार की खुशी और भविष्य की उम्मीद हैं। बेटी के जन्मदिन को केवल घर तक सीमित रखने के बजाय लोगों के साथ खुशियां बांटकर उदय ने अपनी मेहनत और छोटी-सी रेहड़ी के जरिए एक बड़ा संदेश देने की कोशिश की है।