Monday, 9 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

किसान ने तीन एकड़ में गेंदे की खेती की:30 लोगों को दिया रोजगार, दूर-दूर से आ रहे व्यापारी आ रहे खरीदने

INT News9 November 2026 at 07:55 am

कटनी जिले के ढीमरखेड़ा क्षेत्र के सगमा गांव के किसान रामकिशन बागरी ने तीन एकड़ में गेंदे की खेती की है। रामकिशन पहले अश्वगंधा और सफेद मूसली की खेती करने की सोच रहे थे। बाद में उन्होंने गेंदे की खेती का फैसला किया और बालाघाट से बीज मंगाए। बारिश की शुरुआत में उन्होंने तीन एकड़ खेत में पौधे लगाए। रामकिशन के मुताबिक, इस बार हल्की बारिश और देखभाल से पौधों में फूल आए। आमतौर पर किसानों को ज्यादा बारिश में गेंदे के पौधे सड़ने या फूल न आने की चिंता रहती है। गणेश चतुर्थी से फूलों की मांग शुरू हुई, जो दशहरे के बाद दीपावली तक बनी रही। पहले स्थानीय व्यापारियों को फूल खरीदने जबलपुर या सिहोरा जाना पड़ता था। अब वे सगमा पहुंचकर खेत से ही फूल बुक कर रहे हैं। रामकिशन के अनुसार, फसल गर्मी तक उत्पादन देती रहेगी और पारंपरिक फसलों के मुकाबले इससे कई गुना ज्यादा मुनाफा हो रहा है। इस खेती से गांव के करीब 30 मजदूरों को फूल तोड़ने और खेत की देखभाल का नियमित काम मिला है। मुख्य सड़क के किनारे स्थित तीन एकड़ में फैले पीले गेंदे के फूलों का खूबसूरत नजारा हर राहगीर को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। सड़क से गुजरने वाला हर व्यक्ति रुककर इस मनमोहक दृश्य को देखता है और किसान के प्रयास की सराहना करता है।