Monday, 9 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national

Today Weather: दिवाली के अगले दिन इन राज्यों में होगी बारिश, जानें दिल्ली समेत उत्तर भारत में कैसा रहेगा मौसम?

INT News9 November 2026 at 07:51 am

Weather Today, 9 November 2026: दिल्ली-NCR में सोमवार को दिनभर धुंधली धूप रहने का अनुमान है. दिन का अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री के आसपास रह सकता है. दिन चढ़ने के साथ धूप निकलने की संभावना है, लेकिन प्रदूषण और धुंध के कारण आसमान साफ दिखाई देने में परेशानी हो सकती है.

दिल्ली के साथ नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में भी फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है. ऐसे में मौसम के लिहाज से लोगों को गर्मी और प्रदूषण दोनों का सामना करना पड़ सकता है.

तमिलनाडु और पुडुचेरी में बारिश का अलर्ट

दक्षिण भारत में तमिलनाडु और पुडुचेरी के कुछ इलाकों में सोमवार को भारी बारिश हो सकती है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 9 नवंबर को जारी अपने ताजा उप-मंडलवार पूर्वानुमान में तमिलनाडु और पुडुचेरी के लिए भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी दी है.

इन इलाकों में बारिश के दौरान तेज हवाएं चलने की भी संभावना है. ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

अंडमान-निकोबार में भारी बारिश की आशंका

अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में सोमवार को कई स्थानों पर बारिश हो सकती है. IMD के अनुसार, 9 से 13 नवंबर के बीच कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है. यहां गरज-चमक और बिजली गिरने की गतिविधियां भी देखने को मिल सकती हैं.

पूर्वोत्तर भारत में भी बदलेगा मौसम

पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है. अरुणाचल प्रदेश में 9 और 10 नवंबर को भारी बारिश हो सकती है. असम और मेघालय में भी बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी. नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 9 से 13 नवंबर के दौरान हल्की से छिटपुट बारिश का अनुमान है. इन चार राज्यों में 11 नवंबर को कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है.

पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में भी बारिश की संभावना है. वहीं, झारखंड में 9 से 11 नवंबर और गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में 9 से 12 नवंबर तक छिटपुट बारिश हो सकती है.

पहाड़ी राज्यों में पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम

उत्तर-पश्चिम भारत में 10 नवंबर से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है. इसके प्रभाव से जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. हिमाचल प्रदेश में 10 और 11 नवंबर को बारिश की संभावना है. उत्तराखंड में भी 13 और 14 नवंबर को कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है.

मध्य और पश्चिम भारत में मौसम रहेगा साफ

मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र के अधिकांश हिस्सों में सोमवार को मौसम साफ रहने का अनुमान है. इन राज्यों में फिलहाल किसी बड़े बारिश के अलर्ट की जानकारी नहीं है. दिन के समय धूप निकलने और तापमान में बड़े बदलाव नहीं होने की संभावना है.

ये भी पढ़ें: दिवाली के बाद दिल्ली बना गैस चैंबर? 15 इलाकों में AQI 400 पार, सांस लेने में भी हो रही परेशानी

अगले दिनों में तापमान का क्या होगा?

IMD के अनुसार, पूर्वी भारत में अगले 2 से 3 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है. इसके बाद तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है. देश के बाकी हिस्सों में भी अधिकतम तापमान में खास बदलाव का अनुमान नहीं है.