Thursday, 12 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

हरदा में बिरसा मुंडा जयंती पर 8 दिन तक कार्यक्रम:जनजातीय गौरव दिवस मनाएंगे, पार्क नाम भी बदलने की तैयारी

INT News12 November 2026 at 06:56 pm

हरदा में गुरुवार शाम भाजपा कार्यालय में जनजातीय गौरव दिवस को लेकर प्रेसवार्ता हुई। पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल ने बताया कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर 11 से 18 नवंबर तक कार्यक्रम होंगे। युवाओं को भी इनसे जोड़ा जाएगा। पटेल ने कहा कि जिला मुख्यालय में पार्क का नाम बिरसा मुंडा और चौराहे का नाम वीरांगना दुर्गावती के नाम पर रखा जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने करीब 60 साल सत्ता में रहने के बाद भी जनजातीय समुदाय को उनके अधिकार नहीं दिए। पटेल ने कहा कि संविधान में अनुसूचित जनजातियों के हितों की रक्षा के लिए विशेष प्रावधान किए गए थे, लेकिन कांग्रेस सरकारों ने उन्हें सही तरीके से लागू नहीं किया। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों के समय आदिवासियों को जंगलों से दूर करने और उनके अधिकार सीमित करने के लिए कानून बनाए गए। जंगलों के संसाधनों का इस्तेमाल बड़े उद्योगों और कारोबार के लिए हुआ, लेकिन जंगलों पर निर्भर आदिवासी परिवारों को इसका उचित लाभ नहीं मिला। पटेल के मुताबिक, 2014 में पीएम मोदी सरकार बनने के बाद आदिवासी समाज के विकास के लिए कई योजनाएं शुरू की गईं। प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (PVTG) की बस्तियों तक पक्के मकान, सड़क, बिजली और पेयजल पहुंचाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत करीब 63 हजार आदिवासी बहुल गांवों तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने और पांच करोड़ से अधिक जनजातीय लोगों को लाभ देने का लक्ष्य है। आयुष्मान भारत योजना से आदिवासी परिवारों को स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं। पटेल ने कहा कि सिकल सेल एनीमिया की रोकथाम और इसे खत्म करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। वर्ष 2047 तक इस बीमारी को खत्म करने का लक्ष्य रखा गया है।