समाचार · छत्तीसगढ़
रायगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस को लेकर प्रेसवार्ता:राज्यसभा सांसद बोले- धरती आबा बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती, 11 से 18 नवंबर तक जनजातीय गौरव सप्ताह
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला के धरमजयगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन 15 नवंबर को किया जाएगा। इसके लिए राज्यसभा सांसद देवेन्द्र प्रताप सिंह ने प्रेसवार्ता में कार्यक्रम से जुड़े आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि 15 नवंबर को धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती है, जिसे पूरा देश जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के मार्गदर्शन में भाजपा 11 से 18 नवंबर तक देश के हर जनजाति बहुल जिले, विधानसभा और मंडल में जनजातीय गौरव सप्ताह मना रही है। लोकसभा सांसद ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को झारखंड के खूंटी जिले के उलिहातू गांव में हुआ था। उस समय अंग्रेजी शासन जनजातीय समाज की जमीन, जंगल और स्वाभिमान छीन रहा था। युवा बिरसा ने समाज को नशे और कुरीतियों से दूर रहने, अपनी संस्कृति पर गर्व करने और विदेशी सत्ता से लड़ने के लिए जगाया। उन्होंने उलगुलान का नेतृत्व किया और अबुआ दिशुम, अबुआ राज यानी हमारा देश, हमारा राज का नारा दिया। मात्र 25 वर्ष की आयु में 9 जून 1900 को रांची जेल में उन्हें जहर देकर मार दिया गया। उनके संघर्ष से 1908 में छोटानागपुर काश्तकारी अधिनियम बना, जिसने जनजातीय जमीन की रक्षा की। इसीलिए समाज उन्हें धरती आबा कहकर भगवान के रूप में पूजता है।
मोदी सरकार ने दिया सम्मान
उन्होंने बताया कि मोदी सरकार ने 2021 में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस घोषित किया। 2021 में भोपाल में पहला आयोजन हुआ, रांची में बिरसा मुंडा स्मृति उद्यान व संग्रहालय का लोकार्पण हुआ और भोपाल के हबीबगंज स्टेशन का नाम रानी कमलापति के नाम पर रखा गया। 2022 में राष्ट्रपति खूंटी पहुंचीं। 2023 में नरेन्द्र मोदी उलिहातू जाने वाले पहले प्रधानमंत्री बने और वहीं से ऐतिहासिक पीएम जनमन अभियान शुरू किया। 2024 में जमुई में राष्ट्रीय कार्यक्रम हुआ और 150वीं जयंती पर पूरा वर्ष जनजातीय गौरव वर्ष के रूप में मनाया गया।
देश में 10.4 करोड़ से अधिक जनजातीय नागरिक
सांसद ने आंकड़े देते हुए कहा कि 2011 की जनगणना के अनुसार देश में 10.4 करोड़ से अधिक जनजातीय नागरिक हैं, यानी कुल जनसंख्या का 8.6 प्रतिशत। 720 अनुसूचित जनजातियां हैं, जिनमें 75 विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह हैं। 239 जिलों में जनजातीय आबादी 10 प्रतिशत से अधिक है। लोकसभा की 47 और विधानसभाओं की 568 सीटें एसटी के लिए आरक्षित हैं।
11 से 18 नवंबर तक चलेंगे कार्यक्रम
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर 239 जनजाति जिलों और 568 एसटी विधानसभा क्षेत्रों, यानी 807 स्थानों तक कार्यक्रम पहुंचाने का लक्ष्य है। 11 नवंबर को प्रदेश मुख्यालयों और 12 नवंबर को जनजाति बहुल जिला मुख्यालयों पर प्रेसवार्ता, 14 नवंबर को स्मारकों व मूर्तियों की सफाई और दीपोत्सव, 15 नवंबर को जिला स्तर पर प्रतिमा और हर मंडल में चित्र पर पुष्पांजलि होगी। 16, 17 और 18 नवंबर को विधानसभा क्षेत्रों में युवा संवाद आयोजित होंगे और जनजातीय छात्रावास संपर्क अभियान के माध्यम से कार्यकर्ता छात्रावासों में जाकर विद्यार्थियों से संवाद करेंगे। पूरे सप्ताह स्वाभिमान सम्मेलन, शोभायात्रा, प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद व मेले, पद्म सम्मानित व्यक्तियों, श्मन की बातश् के नायकों, समाजसेवियों, संतों और नायकों के परिजनों का अभिनंदन चलेगा।
राष्ट्रपति भवन में होगा संवाद, दिल्ली में साहित्य उत्सव
सरकार की ओर से जनजातीय कार्य मंत्रालय 1 से 15 नवंबर तक जनजातीय गौरव पखवाड़ा मना रहा है। 12 नवंबर को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु एकलव्य विद्यालयों के 200 विद्यार्थियों और विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के 200 प्रतिनिधियों से संवाद करेंगी। 12 और 13 नवंबर को नई दिल्ली में राष्ट्रीय जनजातीय साहित्य उत्सव होगा और 15 नवंबर को संसद भवन तथा उलिहातू में पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी।