समाचार · मध्य प्रदेश
सिंधिया ने किया 38 करोड़ के पुल-सड़क की शुरुआत-भूमिपूजन:गांवों के लोगों को आने-जाने में होगी आसानी; मंत्री ने कहा- क्षेत्र का विकास हमारी जिम्मेदारी
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुरुवार को अपने तीन दिवसीय शिवपुरी प्रवास के दौरान कोलारस विधानसभा क्षेत्र में 38.92 करोड़ की लागत के विभिन्न सड़क और पुल निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इनमें सिंध नदी पर 30.48 करोड़ की लागत से नवनिर्मित भड़ौता पुल का लोकार्पण प्रमुख रहा। पुल शुरू होने से रन्नौद सहित आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी और क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY-III) के तहत निर्मित भड़ौता पुल करीब 570 मीटर लंबा है। एप्रोच मार्गों को मिलाकर इसकी कुल लंबाई लगभग 1,200 मीटर है। नदी के कारण आवागमन में होने वाली परेशानियों को दूर करने में यह पुल महत्वपूर्ण साबित होगा। इससे किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और आम नागरिकों को आने-जाने में सुविधा मिलेगी। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षण संस्थानों और बाजारों तक पहुंच आसान होगी। पुल पर पैदल चलकर निर्माण कार्य का जायजा लिया
लोकार्पण के बाद सिंधिया ने जनप्रतिनिधियों के साथ नवनिर्मित पुल पर पैदल चलकर निर्माण कार्य और उसकी गुणवत्ता का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पुल के पास खेत में काम कर रहे एक किसान से बातचीत कर खेती-किसानी से जुड़े अनुभव भी जाने। सिंधिया ने कहा कि क्षेत्र का विकास और जनसुविधाओं को मजबूत करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों को बारहमासी सड़कों से जोड़ने का काम किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति और अंतिम गांव तक पहुंचाना है। दो सड़क परियोजनाओं और पुल निर्माण का भूमिपूजन
कार्यक्रम के दौरान कोलारस विधानसभा क्षेत्र में कुल 38.92 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात दी गई। इसमें 30.48 करोड़ की लागत से निर्मित 7.35 किलोमीटर लंबे कोलारस-रन्नौद मार्ग और भड़ौता पुल का लोकार्पण शामिल है। इसके अलावा प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान के तहत दो सड़क परियोजनाओं और एक पुल निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया।
इन परियोजनाओं से ग्रामीण इलाकों में सड़क संपर्क बेहतर होने के साथ लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और रोजगार से जुड़ी सुविधाओं तक पहुंचने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम में कोलारस विधायक महेंद्र यादव, शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन, जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव, जनपद अध्यक्ष भरत सिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव, पूर्व विधायक प्रहलाद भारती, सुरेश राठखेड़ा और पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष रवींद्र शिवहरे सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।