Thursday, 12 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

किराना दुकान पर खड़े व्यक्ति की कुल्हाड़ी से हत्या:नीमच के तलाऊ गांव का मामला, पड़ोसी गिरफ्तार; वारदात की वजह जानने में जुटी पुलिस

INT News12 November 2026 at 07:51 pm

नीमच जिले के कुकड़ेश्वर थाना क्षेत्र के तलाऊ गांव में गुरुवार को किराना दुकान पर खड़े 50 वर्षीय प्रभूलाल रावत की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी गई। आरोपी रामसिंह रावत ने पीछे से उनकी गर्दन पर तीन वार किए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी जब्त कर ली है। जानकारी के मुताबिक, प्रभूलाल पिता शिवलाल रावत गांव के पोरवाल किराना स्टोर पर खड़े थे। इसी दौरान रामसिंह पिता देवीलाल रावत वहां पहुंचा और पीछे से उन पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गर्दन पर तीन वार लगने से प्रभूलाल की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमले से पहले आरोपी ने वहां मौजूद कुछ लोगों के साथ धक्का-मुक्की भी की थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। दोनों परिवारों के बीच नहीं थी पुरानी रंजिश मृतक के एक परिजन ने बताया कि दोनों परिवारों के बीच कोई पुरानी रंजिश या विवाद नहीं था। प्रभूलाल और आरोपी के घर पास-पास हैं। उनके बीच एक मकान है। आरोपी के भाई और प्रभूलाल के घर की दीवारें जुड़ी हुई हैं। दोनों परिवार सामान्य तौर पर बातचीत करते थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मनासा के शासकीय अस्पताल भेजा। गांव के चौकीदार और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ के बाद सामने आएगी हत्या की वजह एडिशनल एसपी हेमलता अग्रवाल ने बताया कि आरोपी रामसिंह ने कुल्हाड़ी से हमला कर प्रभूलाल की हत्या की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को राउंड अप किया और हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी जब्त कर ली है। उन्होंने बताया कि आरोपी और मृतक एक ही गांव के पड़ोसी हैं। हत्या की वजह का अभी आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है। आरोपी से पूछताछ के बाद ही रंजिश या अन्य कारणों का पता चल सकेगा।