Thursday, 12 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

बिजली के तारों और जर्जर खंभों पर किसानों का प्रदर्शन:किसानों ने खेतों में लगाए पुतले, दीप जलाकर मृतकों को दी श्रद्धांजलि, दोषियों पर कार्रवाई के निर्देश

INT News12 November 2026 at 07:54 pm

सीहोर में खेतों से गुजरते 11 केवी और एलटी बिजली के तारों और जर्जर खंभों को लेकर किसानों ने विरोध प्रदर्शन किया। किसानों का आरोप है कि विद्युत विभाग की लापरवाही से जिले में कई गंभीर घटनाएं हुई हैं। बरबेली के किसान सतीश मेवाड़ा घायल होने के बाद अपना एक हाथ गंवा चुके हैं। किसान एम.एस. मेवाड़ा के नेतृत्व में डाबला माता, चंदेरी, बरबेली, रामखेड़ी, महोडिय़ा और छापरी कला समेत कई गांवों के किसानों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने खेतों में विद्युत मंडल के खिलाफ बैनरनुमा पुतले लगाए और दीप जलाकर मृतकों को श्रद्धांजलि दी। किसानों ने न्याय की मांग की। मध्य प्रदेश मानव अधिकार आयोग ने मध्य प्रदेश विद्युत मंडल के प्रबंध निदेशक से जवाब मांगा है। आयोग ने सीहोर विद्युत मंडल के दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। आयोग ने पुलिस अधीक्षक से भी जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ की गई कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी है। पीड़ित परिवारों को न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा किसानों ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से मामले में दखल देकर पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग की है। उनकी मांग है कि मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए। घायल किसान सतीश मेवाड़ा को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और सरकारी नौकरी दी जाए। किसानों ने विद्युत मंडल सीहोर के अधीक्षण यंत्री, कार्यपालन यंत्री, श्यामपुर के सहायक यंत्री और अन्य जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग भी की है। किसानों का कहना है कि वे पिछले चार महीने से आंदोलन, धरना और अन्य तरीकों से विरोध कर रहे हैं, लेकिन उनकी मांगों पर अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवारों को न्याय मिलने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।