समाचार · झारखंड
हो साहित्यकार डोबरो बुड़ीउली को मिलेगा भगवान बिरसा मुंडा राष्ट्रीय पुरस्कार, 15 नवंबर को नयी दिल्ली में होंगे सम्मानित

जमशेदपुर : कोल्हान के हो साहित्यकार और कवि डोबरो बुड़ीउली को भगवान बिरसा मुंडा राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया जायेगा. आधुनिक इंडिया फाउंडेशन की ओर से भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर 15 नवंबर को नयी दिल्ली में आयोजित समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया जायेगा. डोबरो बुड़ीउली पिछले 30 वर्षों से हो साहित्य और संस्कृति के संरक्षण, संवर्धन तथा विकास के लिए समर्पित भाव से काम कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें : समाजसेवी शिवपूजन सिंह के अंतिम दर्शन के लिए उमड़ा जनसैलाब, वाराणसी रवाना हुआ पार्थिव शरीर
साहित्यिक और सामाजिक योगदान को देखते हुए हुआ चयन
उनके साहित्यिक और सामाजिक योगदान, समर्पण तथा समाज के प्रति उल्लेखनीय सेवाओं को देखते हुए जूरी समिति ने उन्हें इस वर्ष के पुरस्कार के लिए चुना है. समारोह नयी दिल्ली स्थित लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज के स्वर्ण जयंती ऑडिटोरियम में आयोजित होगा. इस पुरस्कार का उद्देश्य जनजातीय कल्याण, सामुदायिक विकास, सामाजिक नेतृत्व, शिक्षा, संस्कृति और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना है.
मातृभाषा को नयी पहचान दिलाने की कोशिश : डोबरो
डोबरो बुड़ीउली ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं है, बल्कि संपूर्ण हो भाषा, साहित्य और संस्कृति के साथ इससे जुड़े हर साहित्यकार और समाजकर्मी का सम्मान है. पिछले तीन दशकों से उनकी लगातार कोशिश रही है कि मातृभाषा और लोक संस्कृति को नयी पहचान मिले तथा समाज की भावी पीढ़ी अपनी जड़ों से जुड़ी रहे. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय मंचों से मिलने वाली इस तरह की मान्यता से उनके जैसे आदिवासी रचनाकारों का उत्साह और मनोबल बढ़ता है.
ये भी पढ़ें : पटमदा और बोड़ाम के कई गांवों में खराब पड़ी जलमीनारें, पानी के लिए भटक रहे ग्रामीण