समाचार · मध्य प्रदेश
'हमारी-सेना को दुश्मन के घर में घुसकर मारने की छूट':खटीमा में भाजपा कार्यकर्ता समारोह में कहा- पाकिस्तान की अब बोलती बंद है
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार को उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्र खटीमा पहुंचे। पुलिस द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने अशोक फार्म स्थित शहीद हरिकिशन इंटर कॉलेज में आयोजित भाजपा कार्यकर्ता सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और देश की रक्षा नीति की जमकर सराहना की। CM ने कहा कि आज हमारी सेना को दुश्मनों के देश के अंदर जाने का इंतजार नहीं करना पड़ता, बल्कि उन्हें घर में घुसकर मारने की पूरी छूट है। सीएम ने कहा कि हिंदुस्तान में जन्म लेकर अगर कोई देवभूमि उत्तराखंड नहीं आया, तो उसका जन्म अधूरा है। सीएम ने प्रधानमंत्री मोदी की वैश्विक लोकप्रियता का जिक्र करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में भारत का मान पूरी दुनिया में बढ़ा है। आज अमेरिका, रूस और चीन जैसे दुनिया के सबसे ताकतवर देशों के राष्ट्राध्यक्ष भी पीएम मोदी के साथ खड़े होकर फोटो खिंचवाना चाहते हैं। सीएम बोले- भारत को तंग करने वाले पाकिस्तान की आज बोलती बंद है
मुख्यमंत्री ने कहा कि जो पाकिस्तान पहले हर समय भारत को तंग करता था, आज उसकी पूरी तरह से बोलती बंद है। पहाड़ के रणबांकुरों और सेना के जवानों के शौर्य को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि आज हमारे देश की सेना को यह स्पष्ट अधिकार और छूट मिली हुई है कि यदि दुश्मन एक मारे तो उसे दस मारकर आओ। धामी के नेतृत्व में बदल रही उत्तराखंड की तस्वीर इस दौरान डॉ. मोहन यादव ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की भी जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि सीएम धामी के नेतृत्व में देवभूमि की तस्वीर तेजी से बदल रही है। चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बेहतरीन व्यवस्थाएं की जा रही हैं और दूरस्थ गांवों तक सड़क, स्कूल व अस्पताल जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। धार्मिक आयोजनों का जिक्र करते हुए सीएम ने बताया कि साल 2027 में हरिद्वार में अर्धकुंभ होने वाला है और ठीक उसके अगले साल 2028 में मध्य प्रदेश के उज्जैन में सिंहस्थ महाकुंभ का आयोजन होगा। उन्होंने खटीमा की जनता और देवभूमि के लोगों को उज्जैन के महाकाल, ओंकारेश्वर और चित्रकूट धाम आने का निमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री ने कहा- बचपन के मित्रों को नहीं भूलना चाहिए
भगवान राम और कृष्ण के प्रसंगों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में भगवान राम मुस्कुरा रहे हैं, लेकिन उन्होंने अपने वनवास के 11 वर्ष मध्य प्रदेश के चित्रकूट में ही गुजारे थे। इसी तरह भगवान कृष्ण की शिक्षा स्थली भी उज्जैनी रही है। भगवान कृष्ण और सुदामा की मित्रता का उदाहरण देते हुए उन्होंने उपस्थित जनसमूह से आह्वान किया कि व्यक्ति जीवन में कितना भी बड़ा या सक्षम क्यों न बन जाए, उसे अपने बचपन के मित्रों को कभी नहीं भूलना चाहिए और हमेशा गरीब से गरीब व्यक्ति को गले लगाकर साथ चलना चाहिए। सीएम ने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का किया सम्मान कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पार्टी को स्थापित करने में अपना अहम योगदान देने वाले वरिष्ठ भाजपा नेताओं, बुजुर्गों और समाजसेवियों का मंच पर शॉल ओढ़ाकर स्वागत व सम्मान किया। आयोजन के बाद पत्रकारों से संक्षिप्त बातचीत करते हुए सीएम डॉ. यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश और उत्तराखंड दोनों ही राज्यों में बड़े धार्मिक व तीर्थ स्थल मौजूद हैं। ऐसे में दोनों राज्यों के बीच सौहार्दपूर्ण संबंधों के जरिए धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई नए प्रकल्पों पर मिलकर काम किया जा सकता है। इसके साथ ही उन्होंने सभी प्रदेशवासियों को दीपावली और छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं।