समाचार · मध्य प्रदेश
अमरकंटक में 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत:घर की छत पर फंदे से लटका मिला शव, प्रेम संबंध में तनाव के पहलू की जांच कर रही पुलिस
अमरकंटक के वार्ड नंबर 11 स्थित बैंकटोला में गुरुवार सुबह 22 वर्षीय अतुल साकेत घर की छत में लगी लोहे की पाइप से कपड़े के सहारे फंदे पर लटका मिला। परिजन उसे नीचे उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी केएल बंजारे ने बताया कि अतुल पिता स्वर्गीय सुंदरलाल साकेत बैंकटोला का रहने वाला था। गुरुवार सुबह करीब 7 बजे परिजनों को उसके फंदे पर लटके होने की जानकारी मिली थी। प्रेम संबंध के पहलू की भी जांच प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, अतुल का एक युवती से प्रेम संबंध था। युवती पहले भी उसके साथ गुजरात जा चुकी थी। बताया गया है कि परिवार ने युवती से शादी किए बिना सूरत जाने से अतुल को मना किया था। सूरत से लौटने के बाद युवती दोबारा अतुल के साथ नहीं जाना चाहती थी, जबकि अतुल उसे फिर अपने साथ सूरत ले जाना चाहता था। इस बात को लेकर दोनों के बीच तनाव या विवाद की आशंका जताई जा रही है। घटना से एक दिन पहले भी अतुल और युवती को साथ देखे जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, इन बातों की पुष्टि नहीं हुई है और इन्हें मौत का कारण नहीं माना जा सकता। अमरकंटक पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। मौत की वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।