Thursday, 12 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

मां बोली- बेटे को जबरन जहर देकर मार डाला:बचाने की गुहार लगाती रही, किसी ने मदद नहीं की; TI बोले- 2 लोगों पर FIR की, जांच जारी

INT News12 November 2026 at 07:45 pm

भिंड के मिहोना में पंचायत के बीच 24 वर्षीय युवक की मौत के मामले में परिवार ने गांव के ही दो लोगों पर जबरन जहरीला पदार्थ पिलाने का आरोप लगाया है। मृतक की मां का कहना है कि दोनों युवक उसके बेटे को घर से जबरन बाइक पर बैठाकर ले गए थे। दूसरे गांव में चल रही पंचायत में उसके साथ मारपीट की। हाथ पकड़कर जहरीला पदार्थ पिला दिया। मां बेटे को बचाने के लिए लोगों से गुहार लगाती रही, लेकिन कोई मदद के लिए आगे नहीं आया। तबीयत बिगड़ने पर पुलिस युवक को अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में पुलिस ने जांच के बाद गुरुवार को दो आरोपितों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। घर से बाइक पर बैठाकर ले गए छोटू पुत्र गोपाल जाटव निवासी वार्ड-11 मिहोना बीते रोज सुबह करीब 9 बजे घर पर बैठा था। इसी दौरान दो लोग बाइक से पहुंचे और उसे जबरन अपने साथ ले गए। परिवार के मुताबिक घर से करीब एक किलोमीटर दूर दूसरे गांव में पंचायत चल रही थी। छोटू झाड़-फूंक का काम भी करता था। पंचायत में मारपीट का आरोप मृतक की मां गुड्डी देवी के मुताबिक दोपहर करीब 12 बजे पंचायत के दौरान सुरेंद्र जाटव और उसके बेटे रोहित जाटव ने छोटू के साथ मारपीट की। इसके बाद दोनों ने उसके हाथ पकड़कर जबरन जहरीला पदार्थ पिला दिया। मां लगाती रही बचाने की गुहार गुड्डी देवी का आरोप है कि उन्होंने दोनों से पूछा कि क्या वे उनके बेटे को मार डालेंगे। लेकिन किसी ने उनकी बात नहीं सुनी। उन्होंने आसपास मौजूद लोगों से भी मदद मांगी, लेकिन कोई आगे नहीं आया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। भाभी बोली- देवर को जबरन ले गए मृतक की भाभी दीप्ति पत्नी सर्वेश जाटव ने बताया कि वह घर के अंदर काम कर रही थीं। तभी दो लोग बाइक से आए। उनके देवर को जबरन बैठाकर ले गए। कुछ समय बाद उसकी मौत की सूचना मिली। छोटू 4 भाइयों में तीसरे नंबर का था। उसके माता-पिता खेती-किसानी करते हैं। जांच के बाद एफआईआर दर्ज घटना के बाद परिवार के लोगों ने एसपी कार्यालय पहुंचकर दो नामजद लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। मिहोना थाना पुलिस ने पहले मर्ग कायम किया। जांच के बाद गुरुवार को दोनों आरोपितों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मिहोना टीआई रोहित गुप्ता के मुताबिक युवक की मौत के मामले में जांच के बाद गुरुवार को एफआईआर दर्ज कर ली है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।