समाचार · बिहार
बांकीपुर चुनाव के बाद पहली बार आमने-सामने आए सम्राट चौधरी और प्रशांत किशोर, गर्मजोशी से मिलाया हाथ, क्या हुई बात?

Prashant Kishor-Samrat Choudhary: पटना में दिवंगत पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. रवींद्र किशोर सिन्हा (आरके सिन्हा) के ब्रह्मभोज और श्रद्धांजलि सभा में गुरुवार को बिहार की राजनीति की दो चर्चित हस्तियां आमने-सामने आईं. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर की मुलाकात हुई. दोनों ने एक-दूसरे से गर्मजोशी के साथ हाथ मिलाया और कुछ देर तक बातचीत भी की. वहीं बगल में लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य भी नजर आ रही हैं. बांकीपुर चुनाव के बाद दोनों पहली बार आमने-सामने आए हैं.
सम्राट और प्रशांत किशोर ने मिलाया हाथ, कुछ देर हुई बातचीत
आरके सिन्हा के ब्रह्मभोज में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और प्रशांत किशोर दोनों पहुंचे थे. इस दौरान दोनों का आमना-सामना हुआ. सम्राट चौधरी और प्रशांत किशोर ने एक-दूसरे से हाथ मिलाया. इसके बाद दोनों के बीच कुछ सेकेंड तक बातचीत भी हुई.
इस मुलाकात की राजनीतिक अहमियत इसलिए भी है, क्योंकि बांकीपुर चुनाव के बाद दोनों पहली बार एक साथ नजर आए हैं. प्रशांत किशोर लगातार सम्राट चौधरी और उनकी सरकार को लेकर सवाल उठाते रहे हैं. ऐसे में दोनों नेताओं का गर्मजोशी से मिलना चर्चा का विषय बन गया है.
सम्राट चौधरी पर हमलावर रहे हैं प्रशांत किशोर
प्रशांत किशोर कई मौकों पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर निशाना साध चुके हैं. वह सरकार के फैसलों और बिहार की राजनीतिक स्थिति को लेकर लगातार बयान देते रहे हैं. वहीं, सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के बाद से दोनों नेताओं के बीच राजनीतिक बयानबाजी भी चर्चा में रही है.
ऐसे माहौल में आरके सिन्हा के ब्रह्मभोज के दौरान हुई यह मुलाकात खास मानी जा रही है. हालांकि, दोनों के बीच हुई बातचीत का विस्तृत ब्योरा सामने नहीं आया है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
30 अक्टूबर को नोएडा में हुआ था आरके सिन्हा का निधन
75 वर्षीय डॉ. रवींद्र किशोर सिन्हा का निधन 30 अक्टूबर 2026 को नोएडा स्थित उनके आवास पर हुआ था. वह पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे. निधन के बाद उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए पटना लाया गया था. मुख्यमंत्री समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और बड़ी संख्या में लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी थी.
राजनीति और कारोबार दोनों में बनाई थी पहचान
डॉ. आरके सिन्हा भाजपा के संस्थापक सदस्यों में शामिल थे. उन्होंने राज्यसभा सांसद के रूप में भी अपनी जिम्मेदारी निभाई थी. इसके अलावा वह एसआईएस ग्रुप के संस्थापक और चेयरमैन थे. राजनीति के साथ-साथ कारोबारी जगत में भी उनकी अलग पहचान थी.
उनके निधन से बिहार के राजनीतिक और व्यावसायिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई थी. गुरुवार को आयोजित ब्रह्मभोज और श्रद्धांजलि सभा में कई मंत्री, विधायक और वरिष्ठ नेता उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे.
Also Read: सारण को मिलेगी मरीन ड्राइव की सौगात, मांझी से डुमाईगढ़ तक होगा निर्माण; हर साल मनेगी अटल जयंती