समाचार · मध्य प्रदेश
न्यूक्लियर प्लांट के विरोध में चिता आंदोलन:ग्रामीण चिता पर बैठकर कर रहे प्रदर्शन; बोले- जमीन, जलस्रोत और गांव का अस्तित्व बचाना है
रीवा के रोझौही में प्रस्तावित न्यूक्लियर पावर प्लांट के विरोध में ग्रामीणों का चिता आंदोलन जारी है। रामशिरोमणि कोल, रामकरण प्रजापति, रामसुजान कोल और मानफेर कोल चिता पर बैठकर परियोजना का विरोध कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह लड़ाई सिर्फ जमीन की नहीं, बल्कि गांव, पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य की है। बोले- परियोजना का असर बताया जाए चिता आंदोलन कर रहे ग्रामीणों को प्रस्तावित परमाणु संयंत्र से जलस्रोतों, खेती और पर्यावरण पर पड़ने वाले असर की चिंता है। उनकी मांग है कि परियोजना से जुड़े सभी दस्तावेज सार्वजनिक किए जाएं और ग्रामीणों की आपत्तियों का जवाब दिया जाए। रामशिरोमणि कोल ने कहा कि जमीन और गांव का अस्तित्व बचाने के लिए वे चिता आंदोलन कर रहे हैं। परियोजना से पर्यावरण और जलस्रोतों पर क्या असर पड़ेगा, इसका जवाब मिलना चाहिए। रामकरण प्रजापति ने कहा कि यह लड़ाई आने वाली पीढ़ियों के भविष्य की है। विकास के नाम पर ग्रामीणों को जमीन और आजीविका से दूर नहीं किया जाना चाहिए। रामसुजान कोल ने कहा कि वे गांव और प्राकृतिक संसाधनों को बचाने के लिए चिता पर बैठे हैं। वहीं, मानफेर कोल ने कहा कि ग्रामीणों की बात सुने बिना परियोजना आगे बढ़ाना अन्याय होगा। उन्हें आश्वासन नहीं, बल्कि मांगों पर ठोस कार्रवाई चाहिए। 9 अक्टूबर को हुई थी अधिकारियों से बैठक इससे पहले 9 अक्टूबर को सिरमौर तहसीलदार बिंदु तिवारी, एमपीआईडीसी के अधिकारी यूके तिवारी, न्यूक्लियर पावर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया के वैज्ञानिक और टाटा पावर के प्रतिनिधि ग्रामीणों से बातचीत करने पहुंचे थे। अधिकारियों ने परियोजना के बारे में समझाने की कोशिश की, लेकिन बैठक बेनतीजा रही। ग्रामीण अपनी आपत्तियों पर अड़े रहे और विरोध के चलते बोरिंग का काम भी रुक गया। दिवाली पर भी नहीं जलाए थे दीप ग्रामीणों का विरोध जल सत्याग्रह के दौरान जान गंवाने वाली विमला कोल की मृत्यु के बाद भी जारी है। दिवाली पर भी गांव में दीप नहीं जलाए गए थे। ग्रामीणों ने दीपों की जगह मशालें जलाकर विरोध जताया था। आंदोलनकारियों का कहना है कि परियोजना से जुड़ी उनकी आशंकाओं और मांगों का पारदर्शी तरीके से समाधान होने तक चिता आंदोलन जारी रहेगा।