Tuesday, 10 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

झारखंड के 17 सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेजों के 16 हजार विद्यार्थियों को मिलेगी मुफ्त इंटर्नशिप

INT News10 November 2026 at 08:48 am

Job Opportunities: झारखंड के 17 सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेजों के लगभग 16 हजार विद्यार्थियों को निःशुल्क औद्योगिक प्रशिक्षण (इंटर्नशिप) का अवसर मिलेगा. उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग ने झारखंड गवर्नमेंट टूल रूम (जेजीटीआर), रांची, दुमका और रामगढ़ के माध्यम से प्रशिक्षण दिलाने का निर्णय लिया है. इसके लिए प्रति विद्यार्थी प्रतिदिन 29 रुपये देने का प्रावधान है. प्रशिक्षण का पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी.

इंटर्नशिप से बढ़ेगा रोजगार का अवसर

विभाग का मानना है कि तकनीकी शिक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों को सैद्धांतिक ज्ञान देने के साथ व्यावहारिक और औद्योगिक अनुभव उपलब्ध कराना भी है. इंटर्नशिप से विद्यार्थियों को वास्तविक औद्योगिक वातावरण में काम करने, समस्याओं का समाधान खोजने और उत्पादन व गुणवत्ता संबंधी प्रक्रियाओं को समझने का अवसर मिलेगा. इससे उनके तकनीकी कौशल में वृद्धि होगी और रोजगार पाने में मदद मिलेगी. झारखंड यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी (जेयूटी) के डिग्री और डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में इंटर्नशिप अनिवार्य है. प्रत्येक ईवन सेमेस्टर में इंटर्नशिप का प्रावधान है. अंतिम सेमेस्टर में छह माह की इंटर्नशिप करनी होती है. इसके लिए पाठ्यक्रम के अनुसार विद्यार्थियों को एकेडमिक क्रेडिट भी दिया जाता है.

समिति की अनुशंसा पर लिया गया निर्णय

गवर्नमेंट टूल रूम, रांची ने डिप्लोमा विद्यार्थियों के लिए इंटर्नशिप प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित करने का प्रस्ताव उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग को दिया था. प्रस्ताव की समीक्षा के लिए तकनीकी शिक्षा निदेशालय के संयुक्त निदेशक की अध्यक्षता में समिति गठित की गयी थी. समिति ने समीक्षा के बाद अपनी रिपोर्ट विभाग को सौंपी, जिसमें निःशुल्क प्रशिक्षण की व्यवस्था करने की अनुशंसा की गयी. इसके बाद सरकार ने प्रशिक्षण का खर्च उठाने का निर्णय लिया.

आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को राहत

सरकारी तकनीकी संस्थानों में पढ़ने वाले कई विद्यार्थी आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों से आते हैं. ऐसे में राज्य सरकार की इस पहल से उन्हें अपने खर्च पर इंटर्नशिप नहीं करनी पड़ेगी. निःशुल्क प्रशिक्षण से उन्हें औद्योगिक कार्यप्रणाली समझने और रोजगार के लिए जरूरी कौशल विकसित करने का अवसर मिलेगा.

सरकार की इस पहल से विद्यार्थियों को पढ़ाई के दौरान ही निःशुल्क औद्योगिक अनुभव मिलेगा. इससे उनका कौशल बढ़ेगा और प्लेसमेंट में सहूलियत होगी. इंटर्नशिप के सत्यापन और प्रमाणपत्र उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी जेयूटी की होगी. विश्वविद्यालय ने पॉलिटेक्निक विद्यार्थियों को औद्योगिक प्रशिक्षण दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. प्रो डीके सिंह, कुलपति, जेयूटी