Tuesday, 10 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तराखंड

पीएम मोदी ने 4 पन्नों के खत में सराहा, CM धामी का 10 पन्नों में जवाब आया, क्या कहा

INT News10 November 2026 at 08:52 am

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 10 पन्नों का पत्र भेजा। इससे पहले पीएम मोदी ने धामी के कार्यों की प्रशंसा करते हुए 4 पन्नों का लेटर भेजा था। धामी ने उत्तराखंड में केंद्र सरकार के सहयोग से हो रहे विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियां गिनाई। मुख्यमंत्री ने पत्र में कहा कि प्रदेश में रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि स्वरोजगार, पर्यटन, होमस्टे, कृषि और स्थानीय उद्योगों को प्रोत्साहन मिलने से गांवों में रोजगार और आजीविका के अवसर बढ़ रहे हैं। सरकार का लक्ष्य पहाड़ के युवाओं को अपने ही गांव में सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराना है।मुख्यमंत्री ने पत्र में कहा कि उत्तराखंड तेजी से प्रमुख पर्यटन स्थल, उद्योगों के अनुकूल राज्य और बढ़ती अर्थव्यवस्था के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। विकसित भारत-2047 के संकल्प में विकसित उत्तराखंड की भूमिका भी महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन की चुनौती का प्रभावी समाधान करने और गांवों को आजीविका एवं समृद्धि के केंद्र के रूप में विकसित करने को सरकार की प्राथमिकता बताया।गांवों में रोजगार के अवसर बढ़ने का दावाधामी ने पत्र में लिखा है कि स्वरोजगार, पर्यटन, होमस्टे, कृषि और स्थानीय उद्यमों को मिल रहे प्रोत्साहन से रिवर्स पलायन की दिशा में सकारात्मक बदलाव दिखाई दे रहा है। प्रदेश में रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि इसी का संकेत है। उन्होंने कहा कि रोजगार और आजीविका के नए अवसर लोगों को अपने गांव और जड़ों की ओर लौटने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि पहाड़ का युवा अपने ही गांव में सम्मानजनक आजीविका हासिल कर सके।एक जनपद, दो उत्पाद से स्थानीय उत्पादों को पहचानमुख्यमंत्री ने 'एक जनपद, दो उत्पाद' योजना का जिक्र करते हुए कहा कि स्थानीय उत्पादों के विपणन और वोकल फॉर लोकल की भावना से पारंपरिक उत्पादों को व्यापक पहचान मिल रही है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं और स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत हो रही है। उन्होंने पर्यटन को सालभर रोजगार और आजीविका का मजबूत माध्यम बनाने की बात भी कही।कुंभ-2027 के लिए केंद्र के सहयोग का जिक्रधामी ने हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुंभ मेला-2027 को प्रदेश की सनातन परंपरा, आध्यात्मिक चेतना और सांस्कृतिक एकता का विराट प्रतीक बताया। उन्होंने इसके सफल आयोजन के लिए केंद्र सरकार की ओर से दिए जा रहे सहयोग को महत्वपूर्ण बताया। पत्र में कहा गया है कि देवभूमि में विश्व की आध्यात्मिक राजधानी बनने की क्षमता है।केदारनाथ पुनर्निर्माण से एक्सप्रेसवे तक का जिक्रमुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के उत्तराखंड से जुड़ाव का उल्लेख करते हुए केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण, सीमांत गांवों तक विकास की रोशनी पहुंचाने, रेल सुरंगों और आधुनिक एक्सप्रेसवे जैसी परियोजनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के आत्मनिर्भर समूहों से लेकर युवाओं के नवाचारों तक प्रदेश में हो रहे बदलाव में प्रधानमंत्री के नेतृत्व और केंद्र सरकार के सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।सीमांत गांवों और युवाओं पर सरकार का फोकसधामी ने पत्र में कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन रोकना, सीमांत गांवों में समृद्धि और अवसरों का विस्तार करना, युवाओं को प्रदेश में ही रोजगार उपलब्ध कराना और मातृशक्ति को आत्मनिर्भर बनाना सरकार के संकल्पों में शामिल है। उन्होंने उत्तराखंड की प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखने की प्रतिबद्धता भी जताई।पीएम मोदी ने भी धामी को 4 पन्नों का पत्र भेजा थाराज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भेजे शुभकामना संदेश के जरिए प्रधानमंत्री ने सभी प्रदेशवासियों को बधाई दी। चार पेज के विस्तृत संदेश में प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड की 26 साल की विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए राज्य सरकार के प्रयासों की भी सराहना की। कहा कि भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की दूरदृष्टि और दृढ़ संकल्प से उत्तराखंड एक अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आया। राज्य गठन के समय जिन आकांक्षाओं के साथ उत्तराखंड का निर्माण हुआ था, आज प्रदेश उन्हें साकार करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी बनने की पूरी क्षमता वाला प्रदेश बताते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर कार्य कर रही है।धामी के यूसीसी जैसे फैसलों को भी सराहाप्रधानमंत्री ने प्रमुख फैसलों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और राज्य सरकार की सराहना भी की। उन्होंने उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता लागू करने को देश के लिए उदाहरण बताया। साथ ही उन्होंने सख्त नकल विरोधी कानून, जबरन धर्मांतरण विरोधी कानून और सख्त भू-कानून की भी तारीफ की।‘उत्तराखंड से मिला स्नेह मेरी स्मृतियों में जीवंत ’प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड से अपने जुड़ाव का भी विशेष रूप से उल्लेख किया है। उन्होंने कहा कि संगठन के कार्यों के दौरान उन्होंने देवभूमि के विभिन्न क्षेत्रों में लंबा समय बिताया है। केदारनाथ की दिव्य गुफा में साधना, आदि कैलाश की आध्यात्मिक यात्रा, बुग्यालों का आशीर्वाद और माताओं-बहनों का स्नेह आज भी उनकी स्मृतियों में जीवंत है।सरकार महिलाओं पर मेहरबानमुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य स्थापना दिवस पर भोजन माताओं, आशाओं, आंगनबाड़ी कार्यकत्री-सहायिकाओं और अतिथि शिक्षकों को मानदेय वृद्धि का तोहफा दिया है। तीन लाख लखपति दीदियों को प्रोत्साहन राशि देने के साथ ही किसानों, राज्य आंदोनलकारियों और प्रवासियों के लिए भी धामी ने अहम घोषणाएं कीं।गैरसैंण विधानसभा परिसर में सोमवार को राज्य स्थापना दिवस की 26वीं वर्षगांठ पर भव्य समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को नमन करते हुए कहा कि आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर उत्तराखंड का निर्माण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में सरकार 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखंड का दशक बनाने के संकल्प के साथ काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने राज्य आंदोलनकारियों और सुप्रसिद्ध लोकगायक गोपाल बाबू गोस्वामी के परिजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित भी किया।