Tuesday, 10 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

हांसी में एक साथ जलीं 6 चिताएं:5 शवों की पहचान कपड़ों, कलावा, ब्रैसलेट और निशान से हुई, छठे को अपना समझ किया संस्कार

INT News10 November 2026 at 08:48 am

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में सोमवार सुबह हुए एक भीषण सड़क हादसे ने नारनौंद क्षेत्र के दो गांवों को गहरे सदमे और मातम में डुबो दिया है। हरिद्वार में गंगा स्नान के लिए जा रहे छह दोस्तों की कार हाईवे पर अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई, जिसके बाद कार में भीषण आग लग गई। हादसे में जान गंवाने वाले राखी गढ़ी के चार युवकों के शव सोमवार देर रात गांव पहुंचे, जिसके बाद मंगलवार तड़के गमगीन माहौल में चारों का अंतिम संस्कार कर दिया गया। मृतकों में दो सगे भाई भी शामिल थे। गांव राखी गढ़ी के श्मशान घाट में जब एक साथ चार चिताएं जलीं, तो पूरा गांव फफक-फफक कर रो पड़ा। कपड़ों के टुकड़ों और ब्रेसलेट से हुई युवकों की शिनाख्त हादसे की विभीषिका इतनी भयानक थी कि शवों की पहचान करना तक मुश्किल हो गया था। परिजनों व पुलिस ने शरीर पर मौजूद पहचान चिह्नों और कपड़ों के अवशेषों से शिनाख्त की। इस तरह हुई शवों की पहचान… अमन (मोठ करनैल): हाथ में पहने ब्रेसलेट से पहचान हुई। अजय (मोठ करनैल): शर्ट के कपड़े के टुकड़े से शिनाख्त की गई। अंकित (राखी गढ़ी): लोअर के टुकड़े से पहचान हो सकी। साहिल (राखी गढ़ी): दायां हाथ जलने से बच गया था, जिस पर बंधे लाल धागे (कलावा) से पहचान हुई। राहुल (राखी गढ़ी): पहनी हुई शर्ट के टुकड़े से शिनाख्त हुई। अंकित मलिक (राखी गढ़ी): छठे शव की अलग से शिनाख्त न होने पर उसे अंकित मलिक का मान लिया गया। सोमवती अमावस्या पर निकले थे स्नान के लिए जानकारी के मुताबिक, राखी गढ़ी निवासी साहिल, अंकित, अंकित मलिक व राहुल और मोठ करनैल निवासी अमन व अजय आपस में गहरे दोस्त थे। दिवाली की रात सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर छहों दोस्त हुंडई ऑरा कार में सवार होकर हरिद्वार गंगा स्नान के लिए रवाना हुए थे। सोमवार तड़के करीब 5 बजे मुजफ्फरनगर में पानीपत-खटीमा नेशनल हाईवे पर जागाहेड़ी के पास कार अचानक अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर के बाद कार डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में जा पलटी और देखते ही देखते उसमें भीषण आग लग गई। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जताया शोक इस भीषण व हृदयविदारक हादसे पर प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सहित कई गणमान्य नेताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं। एक साथ 6 होनहार युवकों की मौत से राखी गढ़ी और मोठ करनैल सहित पूरे नारनौंद इलाके में सन्नाटा और शोक की लहर छाई हुई है। पुलिस ने गाड़ी के नंबर से मृतकों की पहचान की पुलिस ने बताया कि हादसे में पूरी तरह जली ऑरा कार पेट्रोल-CNG वेरिएंट की थी। आशंका है कि पलटने के दौरान निकली चिंगारी या शॉर्ट सर्किट से आग लगी। कार और शव इतनी बुरी जल गए थे कि उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया। हालांकि, किसी तरह गाड़ी का नंबर प्लेट बच गया। उस पर नंबर (HR 66D 6390) लिखा था। नंबर से कार के मालिक प्रवीण की डीटेल मिली। उनसे संपर्क करने पर पता चला कि 2 दिन पहले हिसार का साहिल कार लेकर गया था। वह उनका रिश्तेदार है। प्रवीण ने पुलिस को साहिल के परिवार का नंबर दिया। उनसे संपर्क करने पर परिवार ने साहिल के दोस्तों के साथ हरिद्वार जाने की बात बताई। उनकी मदद से पुलिस ने बाकी दोस्तों की पहचान की। उनके परिजनों को संपर्क कर हादसे की जानकारी दी।