समाचार · मध्य प्रदेश
दमोह में चाकूबाजी की दो घटन, तीन लोग घायल:बालाकोट मार्ग और इमलाई में हमला; एक गंभीर जबलपुर रेफर, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
दमोह के देहात थाना क्षेत्र में सोमवार रात चाकूबाजी की दो घटनाएं हुईं। बालाकोट मार्ग और इमलाई गांव में हुए हमलों में तीन लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। एक घायल की हालत गंभीर होने पर उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जबकि दो का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। देहात थाना प्रभारी धर्मेंद्र उपाध्याय जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। दो कारों से आए युवकों ने किया हमला पहली घटना जबलपुर नाका चौकी क्षेत्र के बालाकोट मार्ग स्थित साहू चौराहे पर हुई। घायल राकेश आदिवासी ने बताया कि वह अपने चाचा और भाई के साथ घर जा रहे थे। इसी दौरान दो कारों में आए 20 से अधिक युवकों ने रास्ते में कार रोकी और उन पर चाकू से हमला कर दिया। राकेश के मुताबिक, उनके चाचा और भाई ने बीच-बचाव किया तो आरोपी भाग गए। उन्होंने बताया कि वह आरोपियों को नहीं पहचानते और उनसे पहले कोई विवाद भी नहीं हुआ था। परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इसी क्षेत्र में घायल बबलू साहू ने बताया कि वह घर से बाहर निकले ही थे, तभी करीब 20 लोगों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। उनकी आवाज सुनकर घर के लोग बाहर आए और उन्हें अस्पताल पहुंचाया। ऑटो खड़ा करने को लेकर इमलाई में हमला दूसरी घटना इमलाई गांव में हुई। यहां राहुल अहिरवार पर चाकू से हमला किया गया। राहुल ने बताया कि वह ऑटो चलाते हैं और आरोपियों के घर के सामने ऑटो खड़ा करते थे। इसी बात को लेकर सूर्यकांत और आकाश उनसे आए दिन गाली-गलौज करते थे और ऑटो खड़ा करने से मना करते थे। राहुल के मुताबिक, सोमवार रात वह घर में सो रहे थे। तभी दोनों युवक दरवाजा खुलवाकर उन्हें बाहर ले गए और चाकू से हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि उनका आरोपियों से कोई पुराना विवाद नहीं था। घायल का इलाज करने वाले डॉक्टर ऐश्वर्य प्रताप सिंह ने बताया कि हालत गंभीर होने पर राहुल को जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस देहात थाना प्रभारी धर्मेंद्र उपाध्याय ने बताया कि बालाकोट मार्ग पर दो लोगों और इमलाई गांव में एक युवक के साथ चाकूबाजी हुई है। दोनों मामलों में केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश के लिए टीमें रवाना की गई हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।