समाचार · हरियाणा
गुरुग्राम में भोंडसी टोल प्लाजा पर हिट एंड रन:ऑल्टो कार में टक्कर मार कर ट्रक ड्राइवर भागा, पीछा करने पर दोबारा ठोंकी
गुरुग्राम में भोंडसी टोल प्लाजा के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से ऑल्टो कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद जब ऑल्टो सवार मालिक ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह ट्रक लेकर फरार हो गया। जिसके बाद पीड़ित ने उसका पीछा किया, तो सोहना के पास फिर से ट्रक ड्राइवर ने कार को ठोंक दिया। तेज रफ्तार के चलते कार पलटते-पलटते बची। पीड़ित ने सोहना में नाके पर खड़े पुलिसकर्मियों को ट्रक वाले की करतूत बताई, लेकिन तक तक आरोपी ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पीड़ित ने जब उसे इस संबंध में भोंडसी थाना पुलिस को लिखित शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और न्याय दिलाने की मांग की है। पुलिस को दी गई शिकायत में सोहना निवासी महेंद्र ने बताया कि वह एक दुकान पर काम करते हैं। अलसुबह करीब 2:30 बजे वह रोजाना की तरह दुकान का काम निपटाकर अपने घर वापस लौट रहे थे। जब वह अपनी सफेद रंग की ऑल्टो के10 कार से भोंडसी टोल प्लाजा के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे एक बड़े ट्रक ने उनकी गाड़ी को लापरवाही से चलाते हुए पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। पीछा करने पर भी नहीं रुका ट्रक चालक
पीड़ित महेंद्र के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनकी कार को काफी नुकसान पहुंचा। दुर्घटना के तुरंत बाद जब उन्होंने हिम्मत दिखाकर ट्रक का पीछा करने की कोशिश की, तो आरोपी चालक ने ट्रक को रोकने के बजाय उसकी रफ्तार और बढ़ा दी और मौके से तेजी से भाग निकला। हालांकि, इस दौरान पीड़ित ने सूझबूझ दिखाते हुए भाग रहे ट्रक का नंबर नोट कर लिया। थाने में शिकायत दी
घटना से सहमे और परेशान पीड़ित ने भोंडसी थाने के थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर आपबीती सुनाई है। उन्होंने पुलिस से अनुरोध किया है कि इस अज्ञात और लापरवाह ट्रक चालक के खिलाफ उचित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जाए। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाते हुए कहा है कि आरोपी ट्रक चालक को जल्द से जल्द ढूंढकर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि उन्हें हुए नुकसान का न्याय मिल सके। पुलिस जांच कर रही फिलहाल, पुलिस ने शिकायत पत्र के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस टोल प्लाजा और उसके आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि ट्रक के रूट का पता लगाया जा सके और आरोपी चालक को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।