समाचार · मध्य प्रदेश
जमुनिया हटेसिंह में आग से 20 ट्रॉली भूसा-सामान जला:कृषि उपकरण और घरेलू सामान भी जले; ग्रामीणों ने 15 से 20 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान
सीहोर जिले की इच्छावर तहसील के ग्राम जमुनिया हटेसिंह में बीती रात भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से करीब 20 ट्रॉली भूसा, कृषि उपकरण और घरेलू सामान जलकर राख हो गया। ग्रामीणों के अनुसार, इस अग्निकांड में करीब 15 से 20 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। आग से एक गाय और एक भैंस भी प्रभावित हुई हैं। घटना के बाद प्रभावित परिवारों के सामने पशुओं के चारे और आर्थिक नुकसान की भरपाई की चुनौती खड़ी हो गई है। जानकारी के अनुसार, आग गांव के भोजराज के बाड़े में लगी थी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास रखे भूसे, कृषि उपकरणों तथा अन्य घरेलू और कृषि सामग्री को अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान भोजराज के साथ दिलीप और महेश के यहां रखा सामान भी आग की चपेट में आ गया। आग इतनी भीषण थी कि ग्रामीणों को सामान बचाने का मौका तक नहीं मिला। 5-20 लाख की क्षति, प्रशासन से सर्वे कराने की मांग घटना की सूचना मिलने पर सीहोर से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक बड़ी मात्रा में भूसा और अन्य सामान जल चुका था। ग्रामीणों ने नुकसान का अनुमान 15 से 20 लाख रुपए लगाया है। गौरतलब है कि जमुनिया हटेसिंह गांव प्रदेश के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा के विधानसभा क्षेत्र में आता है। अग्निकांड के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से नुकसान का सर्वे कराने की मांग की है। साथ ही प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा और आर्थिक सहायता देने की मांग भी की है, ताकि उन्हें हुए नुकसान की भरपाई में मदद मिल सके। फायर ब्रिगेड टीम के अनुसार, आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। मामले में आग लगने की वजह की जानकारी जुटाई जा रही है।