समाचार · झारखंड
धुर्वा गोलचक्कर से पुलिस मुख्यालय तक बनेगी स्मार्ट रोड, 26.77 करोड़ होंगे खर्च, जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य

Ranchi Smart Road: राजधानी रांची में स्मार्ट रोड नेटवर्क को और बेहतर बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल होने जा रही है. धुर्वा गोलचक्कर से पुलिस मुख्यालय तक स्मार्ट रोड का निर्माण कराया जायेगा. करीब 26.77 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क की योजना तैयार कर ली गयी है. पथ निर्माण विभाग की ओर से निर्माण कार्य शुरू कराने की प्रक्रिया तेज कर दी गयी है. इस साल के अंत तक काम शुरू कराने की योजना है.
ये भी पढ़ें: रांची में आग का तांडव! मोरहाबादी के अपार्टमेंट और हिंदपीढ़ी के फल गोदाम में भीषण अगलगी
बिरसा चौक से धुर्वा गोलचक्कर तक बन चुकी है स्मार्ट रोड
इससे पहले बिरसा चौक से धुर्वा गोलचक्कर तक स्मार्ट रोड का निर्माण कराया जा चुका है. इस सड़क को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है. सड़क निर्माण के साथ बेहतर ड्रेनेज सिस्टम और पैदल चलने वालों के लिए फुटपाथ की व्यवस्था की गयी है. इसके अलावा राहगीरों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जगह-जगह बैठने के लिए स्थायी व्यवस्था भी की गयी है.
लाइटिंग और ड्रेनेज सिस्टम पर भी रहेगा जोर
स्मार्ट रोड के तहत सड़क पर बेहतर लाइटिंग की व्यवस्था की गयी है, ताकि रात के समय भी लोगों को आवागमन में परेशानी न हो. अब धुर्वा गोलचक्कर से पुलिस मुख्यालय तक सड़क का विस्तार होने से इस इलाके में सड़क कनेक्टिविटी और बेहतर होने की उम्मीद है. इस परियोजना के पूरा होने से धुर्वा क्षेत्र में आवागमन को सुगम बनाने के साथ सड़क किनारे पैदल चलने वाले लोगों को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी.
ये भी पढ़ें: Jharkhand Weather: रांची समेत पूरे झारखंड में बढ़ने लगी ठंड, 11 नवंबर से छायेंगे बादल