Tuesday, 10 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

मंदसौर के अक्षय का सेना की हॉकी टीम में चयन:न्यूजीलैंड दौरे पर दिखाएंगे अपना जलवा, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर जीत चुके हैं पदक

INT News10 November 2026 at 08:56 am

मंदसौर के हॉकी खिलाड़ी अक्षय दुबे का न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारतीय आर्म्ड फोर्सेस हॉकी टीम में चयन हुआ है। दिल्ली में आयोजित प्रशिक्षण शिविर के बाद टीम की घोषणा की गई। टीम 24 नवंबर तक न्यूजीलैंड में रहेगी। इसमें थल सेना, नौसेना और वायुसेना के खिलाड़ी शामिल हैं। अक्षय भारतीय सेना में खेल कोटे से भर्ती हुए थे। इससे पहले वे स्कूल इंडिया हॉकी टीम के साथ ऑस्ट्रेलिया के एडिलेड का दौरा कर चुके हैं। पांचवीं कक्षा से शुरू किया हॉकी खेलना अक्षय ने कक्षा पांचवीं में सेंट थॉमस विद्यालय में पढ़ाई के दौरान हॉकी खेलना शुरू किया था। उन्होंने राज्य और राष्ट्रीय स्तर की कई प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। वे मध्यप्रदेश शासन के हॉकी फीडर सेंटर के शुरुआती बैच में शामिल रहे। इसके बाद उनका चयन भोपाल की पुरुष हॉकी अकादमी में हुआ। जिला खेल अधिकारी ओपी हरोड़ के मुताबिक, अकादमी में प्रशिक्षण के दौरान अक्षय ने देश की प्रमुख हॉकी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया और कई पदक जीते। इसी प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन सेना में खेल कोटे से हुआ। परिवार और प्रशिक्षकों का मिला साथ अक्षय के पिता विनोद दुबे बीएसएनएल से सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। ओपी हरोड़ ने बताया कि प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन के साथ परिवार ने भी अक्षय का पूरा साथ दिया। चयन पर हॉकी मंदसौर और जिले के खेल जगत से जुड़े लोगों ने उन्हें बधाई दी। हॉकी मंदसौर के अध्यक्ष कुलदीप सिंह सिसोदिया और सचिव अविनाश उपाध्याय ने इसे जिले के लिए उपलब्धि बताया। हॉकी मंदसौर के संरक्षक यशपाल सिंह सिसोदिया, विशाल गोयल, त्रिभुवन कविश्वर, ओपी हरोड़, प्रशिक्षक रवि कोपरगांवकर, दिनेश यादव, शैलेंद्र मसीह, वैभव चौरसिया, मीत चौहान, मंगल बैरागी, ओमप्रकाश गुर्जर, राजेंद्र सिंह, भरत सिंह, राजू कुमार, अब्दुल रज्जाक, संजय तोमर और मनोज जैन ने भी अक्षय को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।