समाचार · झारखंड
रांची में आग का तांडव! मोरहाबादी के अपार्टमेंट और हिंदपीढ़ी के फल गोदाम में भीषण अगलगी

Ranchi Fire Incident: राजधानी रांची में सोमवार को अगलगी की दो अलग-अलग घटनाओं से हड़कंप मच गया. बरियातू थाना क्षेत्र के मोरहाबादी स्थित द एम्पायर बिल्डिंग के चौथे तल्ले पर डॉक्टर के बंद फ्लैट में भीषण आग लग गयी. वहीं, रात में हिंदपीढ़ी के रोड नंबर दो और तीन के बीच स्थित एक फल गोदाम आग की चपेट में आ गया. दोनों घटनाओं में दमकल की टीमों को आग बुझाने के लिए घंटों मशक्कत करनी पड़ी. राहत की बात यह रही कि दोनों घटनाओं में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
ये भी पढ़ें: पत्नी के चरित्र पर शक कर तलाक मांगना आसान नहीं, झारखंड हाईकोर्ट ने खारिज की पति की अपील
मोरहाबादी में डॉक्टर के बंद फ्लैट में लगी आग
मोरहाबादी स्थित द एम्पायर बिल्डिंग के चौथे तल्ले पर डॉक्टर सतीश कुमार कर्ण के फ्लैट में सोमवार शाम करीब पांच बजे अचानक आग लग गयी. घटना के वक्त फ्लैट बंद था और डॉक्टर घर पर मौजूद नहीं थे. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया. फ्लैट से धुएं का घना गुबार निकलने लगा, जो दूर से दिखाई दे रहा था.
आग और धुएं को देखकर अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गयी. दम घुटने की आशंका से लोग अपने-अपने फ्लैट से निकलकर नीचे की ओर भागने लगे. आग की चपेट में बगल का फ्लैट भी आंशिक रूप से आ गया. सूचना मिलने पर बरियातू पुलिस और दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. दमकलकर्मियों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है.
फ्लैट का सामान जलकर राख, लाखों के नुकसान का अनुमान
अगलगी की इस घटना में डॉक्टर के फ्लैट में रखा लगभग सारा सामान जलकर खाक हो गया. शुरुआती अनुमान के मुताबिक लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है. हालांकि, वास्तविक नुकसान का आकलन डॉक्टर और उनके परिजनों के लौटने के बाद ही हो सकेगा.
ये भी पढ़ें: रांची में ट्यूशन से घर लौट रही छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म, विरोध करने पर मारपीट
हिंदपीढ़ी के फल गोदाम में भी लगी भीषण आग
दूसरी घटना हिंदपीढ़ी के रोड नंबर दो और तीन के बीच सोमवार रात करीब नौ बजे हुई. यहां घनी आबादी के बीच स्थित एक फल गोदाम में अचानक आग लग गयी. गोदाम से आग की ऊंची लपटें उठती देख आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गयी. देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गयी. सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची. पुलिसकर्मियों, स्थानीय लोगों और दमकलकर्मियों ने संयुक्त रूप से आग बुझाने का प्रयास किया. करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका.
प्लास्टिक के कैरेट जले, आसपास के घरों तक नहीं पहुंची आग
आग की चपेट में आने से गोदाम में रखे प्लास्टिक के कैरेट जलकर क्षतिग्रस्त हो गये. घनी आबादी के बीच गोदाम होने के कारण आग आसपास के घरों तक पहुंचने की आशंका बनी हुई थी. हालांकि, समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और बड़ा हादसा टल गया. घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. स्थानीय लोगों ने पटाखे छोड़ने के दौरान गोदाम में आग लगने की आशंका जतायी है. मौके पर पहुंचे सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है. किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. फिलहाल नुकसान का आकलन नहीं किया जा सका है.
ये भी पढ़ें: कैंसर की दवाओं पर अब नहीं वसूली जा सकेगी पुरानी कीमत, झारखंड में दुकानों की होगी जांच