समाचार · उत्तर प्रदेश
सीतापुर में धनतेरस की खुशियों पर टूटा कहर, कहीं ट्राली पलटी तो कहीं मौत बनकर दौड़ा करंट, 7 की गई जान

UP News (पवन तोमर): धनतेरस के दिन सीतापुर जिले में हुए दो अलग-अलग हादसों ने त्योहार की खुशियों को मातम में बदल दिया. सड़क हादसे में ट्रक की टक्कर से सवारियों से भरी ट्रैक्टर-ट्राली पलट गई, जिसमें छह लोगों की जान चली गई, जबकि सात लोग घायल हो गए. वहीं दूसरी घटना में खेत की जुताई के दौरान ट्रैक्टर हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया. करंट लगने से चालक की मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद युवक गंभीर रूप से झुलस गया.
मुंडन संस्कार से लौटते समय हुआ दर्दनाक हादसा
पहली घटना पिसावां थाना क्षेत्र के पिहानी मार्ग पर कोल्हाघाट पुल के पास हुई. हरदोई जिले के रायपुर मठिया में मुंडन संस्कार संपन्न कराने के बाद बरिगांवा के लोग ट्रैक्टर-ट्राली से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान हिम्मतनगर क्षेत्र के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्राली में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही ट्राली अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई. उसमें सवार लोग नीचे दब गए. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. इस दुर्घटना में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हो गए. हादसे की सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों और पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया.
पुलिस ने ट्रक कब्जे में लेकर शुरू की कार्रवाई
हादसे की जानकारी मिलते ही पिसावां पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई. पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को लेकर आवश्यक कार्रवाई की. इंस्पेक्टर मोहाली नागेंद्र चौबे के मुताबिक, हरदोई की ओर से आ रहे ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्राली को पीछे से टक्कर मारी थी. इसके चलते ट्राली पलट गई. पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है. हादसे के कारणों की जांच की जा रही है.
खेत में काम करते समय ट्रैक्टर में उतरा करंट
दूसरी घटना बिसवां देहात इलाके में हुई. यहां खेत को समतल करने के लिए ट्रैक्टर से काम कराया जा रहा था. इसी दौरान ट्रैक्टर के ऊपर लगी छतरी खेत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन से छू गई. तार के संपर्क में आते ही ट्रैक्टर में करंट फैल गया. इसकी चपेट में आने से चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ बैठा युवक झुलस गया. बताया जा रहा है कि बिसवां वितरण खंड के सिधौली मार्ग फीडर से जुड़ी बिजली लाइन के तार काफी नीचे लटक रहे हैं. खेत के ऊपर से गुजर रही लाइन की ऊंचाई करीब 10 से 12 फीट बताई जा रही है. इसी को हादसे की वजह माना जा रहा है.
आयुष की मौत, आनंद सागर अस्पताल में भर्ती
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को मोचकला निवासी आयुष अपने खेत में ट्रैक्टर से मयाई कर रहे थे. उनके साथ गांव के आनंद सागर भी ट्रैक्टर पर सवार थे. खेत में काम के दौरान ट्रैक्टर की छतरी ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से टकरा गई. करंट की चपेट में आने से आयुष ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि आनंद सागर गंभीर रूप से झुलस गए. उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिसवां में भर्ती कराया गया है. एक ही दिन में हुए इन हादसों से जिले में शोक का माहौल है.
Also Read: बरेली में 40 हिंदू वोटरों के नाम वोटर लिस्ट से गायब, मुस्लिम BLO सस्पेंड, जानें क्या है पूरा मामला?