Friday, 6 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national

राहुल गांधी के घर जुटे 5 राज्यों के पूर्व CM, कांग्रेस के दिवाली मिलन में चाय पर सियासी चर्चा!

INT News6 November 2026 at 09:28 pm

Rahul Gandhi Diwali Milan: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के दिल्ली स्थित आवास पर शुक्रवार (6 नवंबर) को दिवाली मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस मौके पर कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, पार्टी पदाधिकारी और पांच राज्यों के पूर्व मुख्यमंत्री एक साथ नजर आए. राहुल गांधी ने नेताओं से मुलाकात की और दिवाली की शुभकामनाएं दीं. कार्यक्रम में चाय पर बातचीत के साथ पार्टी की एकजुटता का संदेश भी सामने आया.

राहुल गांधी के घर पहुंचे किन पांच राज्यों के पूर्व मुख्यमंत्री?

राहुल गांधी के दिवाली मिलन कार्यक्रम में कांग्रेस के कई दिग्गज नेताओं ने हिस्सा लिया. इनमें राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, उत्तराखंड के पूर्व सीएम हरीश रावत और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह शामिल थे.

इनके अलावा कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, जयराम रमेश, सचिन पायलट, कुमारी शैलजा और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू समेत कई नेताओं ने कार्यक्रम में शिरकत की. पार्टी के अलग-अलग राज्यों के प्रभारी और वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रहे.

'हमने सिर्फ चाय पी, कोई राजनीतिक चर्चा नहीं हुई'

दिवाली मिलन के बाद कांग्रेस नेता और उत्तर प्रदेश के AICC प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने पत्रकारों से बातचीत की. जब उनसे कार्यक्रम में राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने ऐसी किसी बातचीत से इनकार किया. गौतम ने कहा कि शुक्रवार को नेताओं ने केवल साथ बैठकर चाय पी और त्योहार की खुशियां साझा कीं. उन्होंने कहा कि इस मुलाकात का उद्देश्य राजनीतिक बैठक करना नहीं था.

आज कोई पॉलिटिकल चर्चा नहीं हुई; हमने बस साथ में चाय पी- उत्तर प्रदेश के AICC प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम

डीके शिवकुमार बोले- कांग्रेस को मजबूत करना चाहते हैं राहुल गांधी

कार्यक्रम के बाद डीके शिवकुमार ने कहा कि राहुल गांधी पार्टी के प्रति समर्पित कार्यकर्ताओं और नेताओं को एकजुट रखना चाहते हैं. उनका संदेश है कि लंबे समय से संगठन के साथ खड़े लोगों को कांग्रेस को और मजबूत बनाने के लिए लगातार काम करना चाहिए. शिवकुमार ने दिवाली मिलन की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि सभी नेताओं ने प्रेम, शांति और एकता के साथ त्योहार की खुशियां मनाईं. उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का माहौल सौहार्दपूर्ण रहा और सभी ने मिलकर इसका आनंद लिया.

सभी को एकता और रोशनी मिले. वह चाहते हैं कि पार्टी के लिए काम करने वाले, पार्टी के साथ बने रहने वाले, पार्टी के प्रति वफादार रहने वाले और इसके लिए काम करते रहने वाले सभी कार्यकर्ता और कैडर मजबूत और बेहतर बनें. यह दिवाली का जश्न था. बहुत अच्छे इंतजाम किए गए थे, और हम सभी ने खूब मजे किए. हम प्यार, एकता और शांति शेयर करते हैं- डीके शिवकुमार, कर्नाटक के मुख्यमंत्री

दिवाली मिलन के बीच दिल्ली के प्रदूषण का मुद्दा भी उठा

राजेंद्र पाल गौतम से दिल्ली-NCR में लगातार बिगड़ती वायु गुणवत्ता को लेकर भी सवाल पूछा गया. उन्होंने कहा कि प्रदूषण जैसी गंभीर समस्या का समाधान एक-दूसरे पर आरोप लगाने से नहीं निकलेगा. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार, दिल्ली सरकार और पड़ोसी राज्यों की सरकारों को विशेषज्ञों के साथ बैठकर प्रदूषण के वास्तविक कारणों की पहचान करनी चाहिए. इसके आधार पर ठोस कार्ययोजना तैयार करने की आवश्यकता है. गौतम ने बढ़ते वायु प्रदूषण से लोगों के स्वास्थ्य को हो रहे नुकसान पर चिंता जताते हुए केंद्र सरकार से अधिक जिम्मेदारी निभाने की मांग की.

Also Read: SIR Voter List: वोटर लिस्ट से कट गया है नाम! दिल्ली-झारखंड समेत 7 राज्यों के वोटर्स को मिलेगा एक और मौका