समाचार · मध्य प्रदेश
किसी के पैर का मांस नोचा तो किसी को दौड़ाया:राजगढ़ में कुत्तों ने 4 घंटे में 24 लोगों को काटा; धनतेरस पर बाजार आए लोगों पर हमला
धनतेरस पर खरीदारी के लिए बाजार पहुंचे लोगों पर एक कुत्ते ने हमला कर दिया। शुक्रवार दोपहर 2 से शाम 6 बजे के बीच कुत्ते ने खिलचीपुर के अलग-अलग इलाकों में 24 लोगों को काटकर घायल कर दिया। इनमें आसपास के गांवों से आए खरीदार भी शामिल हैं। कई लोगों के पैरों से मांस तक निकल गया। सभी घायलों को सिविल अस्पताल में इलाज और रेबीज के इंजेक्शन लगवाने पड़े। हैरानी की बात यह रही कि शाम तक कुत्ता पकड़ा नहीं जा सका। चलती बाइक पर किया हमला, कई लोग गिरकर घायल
धनतेरस के कारण सुबह से ही बाजार में भीड़ थी। इसी दौरान कुत्ता अलग-अलग इलाकों में लोगों के पैरों पर हमला करने लगा। कई लोगों को उसने चलती बाइक पर ही काट लिया। घायलों के मुताबिक, 22 लोगों के बाएं और दो लोगों के दाएं पैर में चोट आई। कुछ के पैर से मांस निकलने के कारण काफी खून बहा। कोडकी गांव के बालू सिंह को सुभाष चौक के पास कुत्ते ने काट लिया। खिलचीपुर के कन्हैयालाल बागरी बाइक से जा रहे थे, तभी कुत्ते ने उनका पैर पकड़ लिया। घबराहट में उनकी बाइक गिर गई और पैर से मांस निकल गया। सरेड़ी गांव के कंवरलाल पर भोजपुर नाके के पास हमला हुआ, जबकि जालमपुरा के लखन पंवार को शाम करीब 5:30 बजे चलती बाइक पर कुत्ते ने काट लिया। अस्पताल पहुंचे 24 घायल, सभी को लगाए रेबीज के इंजेक्शन
घायलों के अस्पताल पहुंचने का सिलसिला दोपहर करीब 2 बजे शुरू हुआ। सीबीएमओ कमल दांगी ने बताया कि अब तक 24 लोगों का इलाज किया जा चुका है। सभी को रेबीज के इंजेक्शन लगाए गए हैं। आवारा कुत्तों की समस्या पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर की गलियों और मुख्य बाजार में आवारा कुत्तों की संख्या बढ़ रही है। आसपास के गांवों से भी लोग कुत्तों को शहर में छोड़ जाते हैं। त्योहार पर बाजार में बड़ी भीड़ होने के बावजूद नगर परिषद की ओर से इन्हें नियंत्रित करने के इंतजाम नहीं दिखे। देर शाम पुलिस और नगर परिषद ने शुरू की तलाश
शाम करीब 7 बजे पुलिस और नगर परिषद की टीम कुत्ते को पकड़ने के लिए जुटी। सीबीएमओ ने नगर परिषद और पुलिस को सूचना देने की बात कही। टीआई कमल सिंह गेहलोत ने भी पुलिसकर्मियों को बाजार में भेजा, लेकिन देर शाम तक कुत्ता पकड़ में नहीं आया। इससे बाजार और आसपास के इलाकों में लोगों के बीच दोबारा हमले का डर बना रहा।