समाचार · मध्य प्रदेश
कपास के खेत में उगाएं गांजे के 80 पौधे:पंधाना पुलिस को मिला 1 क्विंटल 46 किलो गांजा, कीमत 10 लाख रुपए
खंडवा में अवैध मादक पदार्थों की खेती के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पंधाना पुलिस ने वन ग्राम कोकरिया में एक कपास के खेत से गांजे के 80 पौधे जब्त किए हैं। इन पौधों का कुल वजन करीब 1 क्विंटल 46 किलोग्राम बताया गया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 10 लाख रुपए है। पुलिस ने खेत में गांजे की खेती करने के आरोप में 38 वर्षीय फूलसिंह को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। टीआई राजकुमार राठौर के अनुसार, शुक्रवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि वन ग्राम कोकरिया में एक व्यक्ति अपने कपास के खेत में अवैध रूप से गांजे के पौधे उगा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए टीम गठित की और मौके पर दबिश दी। पुलिस टीम जब खेत पर पहुंची तो वहां कपास की फसल के बीच गांजे के पौधे उगाए जाना सामने आया। तलाशी के दौरान खेत से गांजे के कुल 80 पौधे बरामद किए गए। पुलिस ने सभी पौधों को जब्त कर उनका वजन कराया, जो करीब 146 किलोग्राम निकला। जब्त गांजे की बाजार कीमत लगभग 10 लाख रुपए आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट में केस दर्ज पुलिस ने खेत में गांजे की खेती करने के आरोप में फूलसिंह पिता मालसिंह (38), निवासी ग्राम काकरिया को आरोपी बनाया है। उसके खिलाफ थाना पंधाना में NDPS एक्ट में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस अब मामले में गांजे की खेती से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।