समाचार · मध्य प्रदेश
सिवनी में पटाखा अधिकारियों ने किया बाजार का निरीक्षण:हर दुकान पर अग्निशमन यंत्र रखना होगा; पटाखों का भंडारण नहीं करने की हिदायत
दीपावली पर पटाखों की खरीदारी को देखते हुए शुक्रवार शाम करीब 6 बजे एडीएम नीलमणि अग्निहोत्री और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा ने सिवनी में पटाखा बाजार का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने रेलवे स्टेशन के पास कोतवाली क्षेत्र में लगी दुकानों की व्यवस्था देखी और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। भंडारण और बिक्री के नियम बताए अधिकारियों ने दुकानदारों से पटाखों के भंडारण और बिक्री की जानकारी ली। उन्हें निर्देश दिए कि आतिशबाजी का विक्रय लाइसेंस की शर्तों के अनुसार ही करें। हर दुकान पर अग्निशमन यंत्र रखना अनिवार्य है। पटाखों को सुरक्षित तरीके से रखने और तय मात्रा से अधिक विस्फोटक सामग्री का भंडारण नहीं करने की हिदायत भी दी गई। दुकानों के बीच दूरी और रास्ते खुले रखने के निर्देश अधिकारियों ने कहा कि दुकानों के आसपास अनावश्यक भीड़ जमा न हो। दुकानों के बीच पर्याप्त दूरी रखी जाए और आने-जाने के रास्ते खुले रहें। आग बुझाने और आपात स्थिति में लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की व्यवस्था पहले से रखें। दुकानदारों को ज्वलनशील सामग्री से दूरी बनाए रखने और दुकान परिसर में धूम्रपान या आग जलाने जैसी गतिविधियों पर रोक रखने के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी सहित पुलिस स्टाफ मौजूद रहा।