समाचार · मध्य प्रदेश
कलेक्टर-एसपी ने बुरहानपुर में फ्लैग मार्च निकाला:सराफा बाजार में दुकानों के सीसीटीवी जांचे; व्यापारियों से त्योहार की सुरक्षा पर चर्चा की
बुरहानपुर में दीपावली पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए शुक्रवार शाम 6 बजे कलेक्टर विवेक कुमार और एसपी आशुतोष बागरी ने पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च शहर के प्रमुख बाजारों, संवेदनशील इलाकों और भीड़भाड़ वाली जगहों से गुजरा। अधिकारियों ने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की स्थिति देखी। सराफा बाजार में अधिकारियों ने दुकानों और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। उन्होंने व्यापारियों से त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की और उनकी समस्याएं व सुझाव सुने। व्यापारियों से दुकानों में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम रखने और सीसीटीवी कैमरे चालू रखने को कहा गया। दुकानों के आने-जाने के रास्तों और आसपास निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की गई। बाजार में भीड़ बढ़ने पर यातायात और लोगों के आने-जाने की व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने को भी कहा गया। पुलिस ने व्यापारियों को सहयोग का भरोसा दिया। एसपी आशुतोष बागरी ने कहा कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और लोगों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रमुख बाजारों, चौराहों और संवेदनशील इलाकों पर लगातार नजर रखी जा रही है।