समाचार · मध्य प्रदेश
धनतेरस पर मैहर-अमरपाटन के बाजारों में रौनक:मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदने पहुंचे ग्राहक; परिवार के साथ खरीदारी करने पहुंचीं महिलाएं
धनतेरस पर शुक्रवार को मैहर और अमरपाटन के बाजारों में खरीदारी के लिए ग्राहकों की भीड़ रही। शुभ मुहूर्त शुरू होने से पहले ही लोग दुकानों पर पहुंचने लगे। सोने-चांदी के दाम घटने से ज्वेलरी दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बढ़ी। सुबह से सोने-चांदी की दुकानों पर महिलाएं और परिवार खरीदारी करते नजर आए। बर्तन, मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकानों पर भी ग्राहक अपनी पसंद की चीजें खरीदने पहुंचे। ज्वेलरी कारोबारियों को बेहतर बिक्री की उम्मीद सोने-चांदी के व्यापारी विजय सोनी ने बताया कि इस बार बाजार में अच्छा कारोबार हो रहा है। सोने-चांदी के भाव कम होने से ग्राहकों का रुझान बढ़ा है। सुबह से ही दुकान पर भीड़ रही। उन्होंने पिछले साल के मुकाबले इस बार कारोबार बेहतर रहने की उम्मीद जताई। साथ ही कहा कि दीपावली का बाजार भी अच्छा रहने की संभावना है। परिवार के साथ खरीदारी करने पहुंचीं महिलाएं खरीदारी करने पहुंचीं ममता सिंह ने बताया कि धनतेरस पर धन और नई चीजें खरीदना शुभ माना जाता है। मान्यता है कि इस दिन खरीदारी करने से घर में मां लक्ष्मी का आगमन होता है। इसी वजह से वह परिवार के साथ खरीदारी करने पहुंचीं। धनतेरस पर झाड़ू, सोना, चांदी, तांबे, पीतल और स्टील के बर्तन खरीदने की परंपरा है। इसी के चलते लोगों ने अपनी जरूरत और बजट के अनुसार सामान खरीदा। कई परिवारों ने ज्वेलरी के साथ घरेलू सामान भी खरीदा। हालांकि, बर्तन व्यापारियों के मुताबिक पिछले साल की तुलना में इस बार ग्राहकों की भीड़ कुछ कम रही। इसके बावजूद मैहर और अमरपाटन के बाजारों में धनतेरस पर रौनक रही।