समाचार · मध्य प्रदेश
सस्ते सोने के सिक्कों का लालच देकर 2.10 लाख लूटे:जबलपुर में सेल्समैन को असली सिक्का दिखाकर जीता भरोसा, फिर बैग छीनकर भागे आरोपी
जबलपुर में सस्ते दाम पर पुराने सोने के सिक्के देने का झांसा देकर पश्चिम बंगाल के बीरभूम निवासी सेल्समैन विश्वजीत भकत (36) और उसके ममेरे भाई से 2 लाख 10 हजार रुपए की ठगी हुई। आरोपियों ने पहले जांच के लिए असली सोने का सिक्का दिया, जिससे दोनों का भरोसा बढ़ गया। इसके बाद 24 अक्टूबर को पनागर के कुशनेर अंडर ब्रिज बायपास पर उन्हें बुलाया और रुपयों से भरा बैग, रेडमी मोबाइल और कपड़ों का बैग छीनकर भाग गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। देवघर की कांवड़ यात्रा में हुई थी मुलाकात पनागर थाने में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, विश्वजीत अगस्त 2026 में झारखंड के देवघर बाबा धाम कांवड़ यात्रा पर गए थे। वहां उनकी मुलाकात रुद्राक्ष बेचने वाली एक महिला से हुई। पहचान होने के बाद दोनों ने एक दूसरे के फोन नंबर लिए। करीब एक महीने बाद सितंबर में विश्वजीत के पास एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को महिला का पति बंटी बताया और कम कीमत पर पुराने सोने के सिक्के देने का लालच दिया। असली सिक्का देकर जीता भरोसा बंटी ने व्हाट्सएप पर सोने के एक छोटे सिक्के की फोटो भेजी। इसके बाद विश्वजीत को जबलपुर के पास बुढ़ागर बुलाया, जहां जांच के लिए एक असली सिक्का दिया। सुनार से जांच कराने पर सिक्का 1.18 ग्राम का असली सोना निकला। इससे विश्वजीत और उसके भाई का भरोसा बढ़ गया। 2.10 लाख रुपए लेकर पहुंचे थे जबलपुर भरोसा जीतने के बाद बंटी ने 50-60 और सिक्के देने के लिए 2 लाख 10 हजार रुपए मांगे। 24 अक्टूबर 2026 को विश्वजीत और उनके ममेरे भाई रितेश कुमार पैसा जुटाकर जबलपुर पहुंचे। शाम को आरोपियों ने उन्हें पनागर के कुशनेर अंडर ब्रिज बायपास पर बुलाया। वहां बंटी अपने दो साथियों के साथ पहले से मौजूद था। जांच की बात पर बैग छीनकर भागे जब दोनों ने सिक्कों की दोबारा जांच कराने की बात कही और हिचकिचाहट दिखाई, तो आरोपियों ने जबरन रुपयों से भरा बैग, एक रेडमी मोबाइल और कपड़ों का बैग छीन लिया। आरोपी बिना कोई सिक्का दिए मौके से भाग गए। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।