समाचार · पंजाब
पठानकोट में झपटमारों की छित्तर परेड:बदमाशों ने झपटीं महिला की बालियां; बेटी ने हिम्मत दिखाकर 2 युवक पकड़ाए, लोगों ने मारपीट कर किया पुलिस हवाले
पठानकोट जिले में झपटमारी की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है। झपटमारों में जिला घर में पिछले 2 महीने के दौरान 10 के करीब वारदातों को अंजाम दिया है। लेकिन, आनंदपुर रोड पर एक जांबाज बेटी की बहादुरी से दो शातिर स्नेचर रंगे हाथों धरे गए। दरअसल, बेटी के साथ स्कूटी पर जा रही एक महिला के कानों से तीन बदमाशों ने सोने की दोनों बालियां झपट लीं। झपटमारी के दौरान महिला सड़क पर गिरकर जख्मी हो गई, लेकिन उसकी बेटी ने बिना डरे हिम्मत दिखाई और झपटमारों का पीछा कर स्थानीय लोगों की मदद से दो युवकों को दबोच लिया। वारदात के बाद गुस्साए लोगों ने मौके पर ही दोनों बदमाशों की छित्तर परेड कर दी। सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर-1 की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया, जबकि उनका तीसरा साथी भागने में कामयाब रहा। दांतों का चेकअप कराने जा रही थी महिला वारदात के संबंध में जानकारी देते हुए पीपलां मोहल्ला निवासी पीड़िता सुमन ने बताया कि वह अपनी बेटी के साथ स्कूटी से आनंदपुर रोड स्थित क्लीनिक में डॉक्टर से दांतों का चेकअप करवाने जा रही थी। इसी दौरान वे अपनी बुआ को करवाचौथ के व्रत का सामान देने भी जा रही थीं। स्कूटी सुमन की बेटी शिल्पा चला रही थी। आनंदपुर पहुंच जैसे ही सुमन स्कूटी से नीचे उतरीं, तभी पीछे से एक स्कूटी पर सवार होकर तीन युवक आए। बदमाशों ने अचानक सुमन के कानों से सोने की बालियां बालियां झपट लीं। झटके के कारण सुमन सड़क पर गिर गईं और उन्हें काफी चोटें आईं। बेटी ने पीछा कर दबोचे आरोपी; अंडरगारमेंट्स में छिपा रखी थी दूसरी बाली मां के साथ हुई झपटमारी को देखकर शिल्पा घबराई नहीं। उसने तुरंत हिम्मत दिखाते हुए भाग रहे झपटमारों का पीछा किया और शोर मचाते हुए कुछ ही दूरी पर आगे जाकर स्थानीय लोगों की मदद से दो युवकों को दबोच लिया। हालांकि, उनका तीसरा साथी मौका पाकर भाग निकला। पकड़े गए युवकों के पास से पहले तो एक बाली बरामद हुई। कड़ी पूछताछ और तलाशी के दौरान पता चला कि आरोपी ने दूसरी बाली अपने अंडरगारमेंट्स में छिपाकर रखी थी। तलाशी लेने पर दूसरी बाली भी बरामद हो गई। गुस्साए लोगों ने की पिटाई, पुलिस ने हिरासत में लिया वारदात के बाद मौके पर भारी संख्या में लोग एकत्र हो गए और उन्होंने दोनों झपटमारों को पकड़कर उनकी जमकर पिटाई कर दी। घटना की सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर-1 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर दोनों युवकों को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों युवकों से गहनता से पूछताछ की जा रही है और महिला के बयानों के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इसके साथ ही फरार तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।