समाचार · हरियाणा
यमुनानगर में 9500 रुपये की रिश्वत लेते ASI पकड़ी:माइनिंग की गाड़ियों को निकालने के बदले मांगी थी रकम, एसीबी ने कार्रवाई कर पकड़ा
यमुनानगर में माइनिंग की गाड़ियों को निकलवाने के बदले पैसे लेने के आरोप में एंटी क्रप्श्न ब्यूरो ने यमुनानगर में एनफोर्समेंट थाने की महिला एएसआई रजनी को गिरफ्तार किया है। विजिलेंस टीम ने उसे 9 हजार 500 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई। विजिलेंस के अनुसार, शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि रेत-बजरी से जुड़े ट्रकों को निकलने देने के बदले प्रति गाड़ी एक हजार रुपए लिए जाते थे। शिकायत के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले की जांच और कार्रवाई की जिम्मेदारी इंस्पेक्टर सतपाल देशवाल को सौंपी। इसके बाद टीम ने शिकायत के मुताबिक जाल बिछाया और एएसआई को रिश्वत की रकम के साथ पकड़ लिया। 10 गाड़ियों के लिए मांगी थी रकम शिकायतकर्ता के मुताबिक, उसकी छह गाड़ियां पहले निकल चुकी थीं, जबकि चार अन्य गाड़ियों को निकालना बाकी था। आरोप है कि इन गाड़ियों को निकलवाने के लिए रकम मांगी गई थी। इसी शिकायत के आधार पर विजिलेंस ने कार्रवाई की। टीम ने मौके से 9,500 रुपए बरामद किए। बड़े अधिकारियों तक रकम पहुंचने की भी जांच स्टेट विजिलेंस पानीपत के इंस्पेक्टर सतपाल देशवाल के अनुसार, जिले में अवैध माइनिंग से जुड़ी गतिविधियों पर समय-समय पर कार्रवाई होती है और वाहनों को पकड़ा भी जाता है। इस मामले में आरोप है कि पैसे लेकर कुछ गाड़ियों को निकलने दिया जाता था। महिला एएसआई की गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस यह भी जांच कर रही है कि कथित वसूली केवल इसी स्तर तक सीमित थी या इसमें अन्य अधिकारी भी शामिल थे। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।