Monday, 26 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

sports

Exclusive: रांची के आदर्श राज भारत की जर्सी में मचाएंगे धमाल, एशियन चैंपियनशिप से पहले से खास बातचीत

INT News26 October 2026 at 01:56 pm

Adarsh Raj Exclusive Interview: कभी क्रिकेट छोड़कर अपने भाई के साथ कंस्ट्रक्शन कंपनी में काम कर रहे आदर्श राज आज भारत की जर्सी पहनकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर उतरने जा रहे हैं. रांची के इस खिलाड़ी ने करीब तीन साल तक क्रिकेट से दूरी बनाये रखी थी. परिवार को भी चिंता थी कि टेनिस बॉल क्रिकेट से आखिर भविष्य कैसे बनेगा. लेकिन आदर्श ने दोबारा मैदान पर लौटने का फैसला किया और अब उन्हें चेन्नई में होने वाली एशियन टेनिस बॉल क्रिकेट चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में जगह मिली है.

26 से 29 अक्टूबर तक होने वाली इस चैंपियनशिप में 12 देशों की टीमें हिस्सा ले रही हैं. भारतीय टीम में झारखंड के तीन खिलाड़ी आदर्श राज, ऋषि राज और राहुल कुमार शामिल हैं. डिजिटल से खास बातचीत में आदर्श ने बताया कि गली में क्रिकेट खेलने से शुरू हुआ उनका सफर कंस्ट्रक्शन कंपनी में काम करने तक कैसे पहुंचा और फिर वहां से भारतीय टीम में जगह बनाने का रास्ता कैसे खुला.

अंडर-19 में चयन नहीं हुआ, फिर टेनिस बॉल क्रिकेट को बनाया रास्ता

आदर्श ने 2012 में गली-मोहल्ले में क्रिकेट खेलना शुरू किया था. धीरे-धीरे उन्होंने खेल को गंभीरता से लिया और लेदर बॉल क्रिकेट में भी करियर बनाने की कोशिश की. अंडर-19 टीम के लिए ट्रायल दिया, लेकिन चयन नहीं हो सका. इसके बाद उन्होंने टेनिस बॉल क्रिकेट में खेलना शुरू किया. अलग-अलग शहरों में टूर्नामेंट खेलने के मौके मिलने लगे और मैच से कमाई भी होने लगी.

आदर्श को एक मैच खेलने के लिए करीब 2,000 से 4,000 रुपये तक मिल जाते थे. लेकिन यह आमदनी नियमित नहीं थी. खेल में आगे बढ़ने की कोशिश के बीच यह सवाल भी बना हुआ था कि टेनिस बॉल क्रिकेट से भविष्य कैसे बनेगा. आखिरकार 2019 के बाद उन्होंने क्रिकेट से दूरी बना ली और करीब तीन साल तक अपने भाई के साथ कंस्ट्रक्शन के काम को सुपरवाइज करने में जुटे रहे.

ये भी पढ़ें: पहली गेंद पर विकेट लेकर छा गई छोटी सी ‘शेरनी’, पुरुषों के टूर्नामेंट में दिया-भद्रा ने दिखाया दम

2024 में फिर लौटे मैदान पर, पहली कोशिश में नहीं मिली जगह

क्रिकेट से दूर रहने के बाद आदर्श ने 2024 में दोबारा कोशिश करने का फैसला किया. उन्होंने टेनिस बॉल क्रिकेट लीग (TBCL) के लिए आवेदन किया, लेकिन पहली बार चयन नहीं हुआ. इसके बाद उन्होंने फिर ट्रायल दिया और इस बार उन्हें मौका मिल गया. नवंबर-दिसंबर 2025 में TBCL में खेलने के बाद उनके लिए आगे बढ़ने के रास्ते खुलने लगे.

जनवरी 2026 में आदर्श ने झारखंड की ओर से राष्ट्रीय चैंपियनशिप में हिस्सा लिया. झारखंड की टीम शीर्ष आठ में पहुंची. इसके बाद फरवरी 2026 में आगरा में भारतीय टीम के चयन के लिए ट्रायल हुआ. आदर्श ने इसमें हिस्सा लिया और उनका चयन भारतीय टीम में हो गया.

'जितेंद्र शर्मा से नहीं मिलता, तो आज भी कंस्ट्रक्शन में होता'

आदर्श अपने सफर में झारखंड टेनिस बॉल क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष जितेंद्र शर्मा की भूमिका को अहम मानते हैं. उनके मुताबिक, झारखंड की ओर से राष्ट्रीय स्तर पर खेलने के दौरान जितेंद्र शर्मा ने उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और भारतीय टीम के ट्रायल के बारे में जानकारी दी. इससे उन्हें क्रिकेट में आगे बढ़ने का एक और मौका मिला.

आदर्श ने डिजिटल से बातचीत में कहा, “अगर उनसे मुलाकात नहीं होती तो मैं अभी भी कंस्ट्रक्शन लाइन में ही होता.”

आदर्श के लिए यह मुलाकात इसलिए भी अहम रही, क्योंकि क्रिकेट में वापसी के बाद उन्हें आगे के अवसरों की जानकारी और सही दिशा मिली. आगरा में ट्रायल के बाद भारतीय टीम में चयन ने उनके सफर को नया मोड़ दिया.

ये भी पढ़ें: दफ्तर और मोबाइल की दुनिया से निकलकर मैदान में उतरें Gen Z, धोनी ने बताया फिट रहने का तरीका

नेपाल, थाईलैंड और भूटान में खेल चुके हैं आदर्श

भारतीय टीम में जगह मिलने के बाद आदर्श को विदेशी दौरों पर खेलने का मौका मिला. वह नेपाल, थाईलैंड और भूटान में भारतीय टीम का हिस्सा रहे. भूटान में भारत ने खिताब जीता. इसके अलावा हैदराबाद में श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज में भी उन्होंने हिस्सा लिया. अब एशियन टेनिस बॉल क्रिकेट चैंपियनशिप के लिए उनका चयन हुआ है.

कभी स्थानीय टूर्नामेंटों में खेलने से होने वाली कमाई पर निर्भर आदर्श के लिए अब यही खेल अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने का जरिया बना है. उनका मानना है कि टेनिस बॉल क्रिकेट में खिलाड़ियों को अब राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने के मौके मिल रहे हैं. राष्ट्रीय स्तर पर अच्छे प्रदर्शन और खेल प्रमाणपत्र के आधार पर सरकारी नौकरी के अवसर भी बन सकते हैं.

रांची के दूसरे खिलाड़ियों को भी सही मंच मिलने की उम्मीद

आदर्श का मानना है कि रांची में उनकी तरह कई खिलाड़ी हैं, जिनमें प्रतिभा है, लेकिन उन्हें आगे बढ़ने के लिए उचित मंच नहीं मिल पाता. उनके अनुसार, TBCL जैसे टूर्नामेंट खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने का मौका देते हैं. ऐसे मंचों पर प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकते हैं.

चेन्नई में होने वाली चैंपियनशिप में पुरुष और महिला वर्ग के मुकाबले खेले जाएंगे. पुरुष वर्ग में छह-छह टीमों के दो ग्रुप होंगे. भारत लीग चरण में पांच मुकाबले खेलेगा. आठ-आठ ओवर के इन मैचों के बाद दोनों ग्रुप की शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी.

आदर्श के सामने अब अपने प्रदर्शन से भारतीय टीम में जगह को सार्थक करने की चुनौती है. जिस क्रिकेट को उन्होंने एक समय भविष्य की अनिश्चितता के कारण छोड़ दिया था, उसी खेल ने उन्हें भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर दिया है. अब उनका लक्ष्य इस मौके का पूरा फायदा उठाना और भारतीय टीम को खिताब दिलाने में योगदान देना है.

ये भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी के भाई आशीर्वाद ने बल्ले से उड़ाया गर्दा, तूफानी शतक ठोक टीम को दिलाई जीत