समाचार · हरियाणा
दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर आज खुलेगा पुराना आरटीआर फ्लाईओवर:शाम छह बजे से निकाले जाएंगे वाहन, पांच दिन से बंद था, जाम से मिलेगी राहत
गुरुग्राम से नेशनल हाईवे 48 के रास्ते दिल्ली एयरपोर्ट, धौला कुआं और दक्षिणी दिल्ली की तरफ जाने वाले लाखों वाहन चालकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। मरम्मत कार्य के चलते पिछले कई दिनों से बंद पड़े पुराने राव तुला राम फ्लाईओवर के महत्वपूर्ण हिस्से को आज शाम 6 बजे के बाद ट्रैफिक के लिए दोबारा खोल दिया जाएगा। लोक निर्माण विभाग और दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने मरम्मत कार्य पूरा होने और सुरक्षा जांच के बाद इसे हरी झंडी दे दी है। प्रशासन की ओर से जारी गाइडलाइंस के मुताबिक, इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट और गुरुग्राम से वसंत विहार जाने वाले इस कैरिजवे को फिलहाल केवल चार पहिया और दोपहिया वाहनों के लिए ही खोला जा रहा है। फ्लाईओवर के इस हिस्से पर सुरक्षा के मद्देनजर भारी वाहनों जैसे ट्रक और कमर्शियल बसों के प्रवेश पर रोक जारी रहेगी। भारी वाहनों को पहले की तरह ही वैकल्पिक मार्गों या नीचे बनी सर्विस रोड का इस्तेमाल करना होगा। दरारें दिखने के बाद बंद किया था
गौरतलब है कि पिछले सप्ताह बुधवार (21 अक्टूबर) को ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने पुराने आरटीआर फ्लाईओवर के रैंप पर अचानक दरारें और कंक्रीट उखड़ने की समस्या देखी थी। किसी भी बड़े हादसे को रोकने के लिए एहतियात के तौर पर लोक निर्माण विभाग से मिलकर इस रूट को तुरंत बंद कर दिया गया था। इसके बाद कंक्रीट को मजबूत करने और क्यूरिंग प्रोसेस के लिए 3 से 4 दिनों का समय तय किया गया था, जो आज पूरा हो रहा है। गुरुग्राम तक लग रहा था रेंगता हुआ जाम
इस महत्वपूर्ण फ्लाईओवर के बंद होने के कारण पिछले पांच दिनों से दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई थी। पीक आवर्स के दौरान धौला कुआं से लेकर गुरुग्राम के उद्योग विहार तक 10 से 15 किलोमीटर लंबा जाम लग रहा था। वाहन चालकों को महज कुछ किलोमीटर का सफर तय करने में एक से डेढ़ घंटे का समय लग रहा था। हालांकि दिल्ली और गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों के लिए करीब 6 से 7 वैकल्पिक मार्ग जैसे- महिपालपुर बाईपास, एमजी रोड, नेल्सन मंडेला मार्ग और अर्बन एक्सटेंशन रोड जारी किए थे, लेकिन गाड़ियों के अत्यधिक दबाव के कारण ये रास्ते भी पूरी तरह हांफते नजर आए। आज शाम से सुचारू होगा यातायात
फ्लाईओवर का यह मुख्य हिस्सा खुलने से सर्विस रोड पर रेंग रहे ट्रैफिक को तुरंत रफ्तार मिलेगी। एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों और रोजाना गुरुग्राम से दिल्ली अप-डाउन करने वाले नौकरीपेशा लोगों का सफर अब आसान हो जाएगा। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि शुरुआती घंटों में व्यवस्था को पूरी तरह सामान्य होने में थोड़ा वक्त लग सकता है, इसलिए लेन ड्राइविंग का पालन करें और तैनात यातायात कर्मियों के निर्देशों का सहयोग करें।