समाचार · छत्तीसगढ़
रायगढ़ में मवेशी चराने गई नाबालिग के साथ दुष्कर्म:शादी का झांसा देकर 6 माह तक बनाते रहा शारीरिक संबंध, शिकायत के बाद आरोपी गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला में नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। जिसमें एक नाबालिग मवेशी चराने जंगल गई थी, तो युवक ने उसे शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया और अपने साथ छह माह तक रखकर शारीरिक संबंध बनाते रहा। बाद में पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामला लैलूंगा थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के मुताबिक रविवार को 17 वर्षीय पीड़िता की मां ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी बेटी साल 2025 में गांव के जंगल में बैल चराने गई थी। तभी पास के गांव के संजय यादव 19 साल ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए हैं। उसने बताया कि संजय ने पीड़िता को शादी कर पत्नी बनाकर रखने का वादा किया। साथ ही उसके नाबालिग होने की जानकारी के बावजूद संजय ने उसे अपने साथ घर ले गया और करीब छह माह तक अपने साथ रखकर लगातार शारीरिक शोषण करता रहा। इस दौरान उसके परिजनों द्वारा संजय को समझाइश दी गई, पर नहीं माना। इसकी जानकारी पीड़िता के परिजनों को लगने के बाद उसने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया। जहां पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 64(2)(उ) तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 4 और 6 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया।
आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया
विवेचना के दौरान पुलिस ने पीड़िता की आयु के सत्यापन के लिए जन्म प्रमाण पत्र जब्त किया और उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया। इसके बाद आरोपी की पतासाजी कर उसे हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर फास्ट ट्रैक न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।