समाचार · मध्य प्रदेश
194 गांवों में होगा नर्मदा जल का स्वागत उत्सव:झाबुआ कलेक्टर ने सिंचाई परियोजना देखी, 32 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि तक पहुंचेगा पानी
झाबुआ जिले के 194 गांवों में 15 नवंबर को नर्मदा जल का स्वागत उत्सव के रूप में किया जाएगा। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और जनजातीय गौरव दिवस पर होने वाले इस आयोजन में किसानों और ग्रामीणों की भागीदारी रहेगी। गुरुवार को कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने नर्मदा-झाबुआ-पेटलावद-थांदला-सरदारपुर माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का निरीक्षण कर अधिकारियों को तैयारियों के निर्देश दिए। सम्पवेल की व्यवस्था देखी कलेक्टर ने रामा तहसील के दौलतपुरा गांव में बने सम्पवेल का जायजा लिया। उन्होंने इसकी कार्यप्रणाली, साफ-सफाई और ईस्ट-वेस्ट लाइनों का निरीक्षण किया। परिसर की सुरक्षा के लिए चौकीदार तैनात करने के निर्देश भी दिए। इसके बाद वे फतेपुरा गांव पहुंचे और खेतों तक नर्मदा जल पहुंचाने की व्यवस्था देखी। यहां किसानों से चर्चा कर परियोजना के बेहतर संचालन और जल वितरण के लिए हर 20 हेक्टेयर के खंड में स्थानीय किसानों को शामिल कर दल बनाने के निर्देश दिए। 32 हजार हेक्टेयर जमीन को मिलेगी सिंचाई सुविधा परियोजना से झाबुआ जिले की 32 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई की सुविधा मिलेगी। इसमें झाबुआ तहसील के 108, पेटलावद के 6, मेघनगर के 28, थांदला के 39, रामा के 12 और राणापुर का 1 गांव शामिल है। निरीक्षण के दौरान झाबुआ एसडीएम महेश मंडलोई, एनवीडीए के अधिकारी, तहसीलदार अंकिता भिड़े और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।