समाचार · उत्तर प्रदेश
बलिया के ददरी मेले में सजेगा सितारों का महाकुंभ: गोविंदा के ठुमकों से सलमान अली की गायकी तक दिखेगा बॉलीवुड का जलवा

UP News: उत्तर प्रदेश के ऐतिहासिक ददरी मेले में इस बार मनोरंजन का ऐसा रंग चढ़ने वाला है, जिसमें भोजपुरी की माटी की खुशबू के साथ बॉलीवुड का ग्लैमर भी देखने को मिलेगा. मेले के भारतेंदु कला मंच पर गोविंदा, सलमान अली और कई चर्चित भोजपुरी कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे. गायकी, डांस, कवि सम्मेलन और कव्वाली से सजी सांस्कृतिक शामें ददरी मेले को खास बनाएंगी. इस बार मेले में सिर्फ खरीदारी और मनोरंजन ही नहीं, बल्कि संगीत और कला का भी बड़ा संगम देखने को मिलेगा. गोविंदा के डांस का आकर्षण हो या सलमान अली की सुरीली आवाज, दर्शकों के लिए कई यादगार कार्यक्रम तैयार किए गए हैं.
सलमान अली की आवाज से गूंजेगा भारतेंदु कला मंच
ददरी मेले की सांस्कृतिक संध्या में 8 दिसंबर को म्यूजिक नाइट का आयोजन प्रस्तावित है. इसमें मशहूर गायक सलमान अली और लिपिका समानता अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगे. वहीं, 5 दिसंबर को लोकगायिका कल्पना पटवारी की प्रस्तुति से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत होगी.
भोजपुरी सितारों के नाम रहेगी 11 दिसंबर की शाम
भोजपुरी संगीत प्रेमियों के लिए 11 दिसंबर खास होने वाला है. इस दिन भोजपुरी नाइट में समर सिंह, खुशी कक्कड़ और सोना सिंह जैसे कलाकार प्रस्तुति देंगे. मुंबई डांस ग्रुप की माही झा और मनीषा झा भी मंच पर अपनी कला दिखाएंगी. भोजपुरी गीतों और डांस की प्रस्तुतियों से मेले में अलग ही रंग देखने को मिलेगा.
बॉलीवुड नाइट में गोविंदा की प्रस्तुति बनेगी खास आकर्षण
ददरी मेले में बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा के आने की खबर ने भी लोगों की उत्सुकता बढ़ा दी है. नगर पालिका अध्यक्ष संत कुमार गुप्ता उर्फ मिठाई लाल के मुताबिक, गोविंदा को भारतेंदु कला मंच पर करीब दो घंटे की प्रस्तुति के लिए आमंत्रित किया गया है. उनकी प्रस्तुति को लेकर खास तैयारी की जा रही है. हालांकि, गोविंदा के कार्यक्रम की अंतिम तारीख की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है. जिलाधिकारी की ओर से जारी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सूची में 15 दिसंबर को बॉलीवुड नाइट निर्धारित है. ऐसे में इस शाम पर दर्शकों की विशेष नजर रहेगी.
कवि सम्मेलन और कव्वाली में भी जमेगा रंग
ददरी मेले में मनोरंजन के साथ साहित्य और संगीत प्रेमियों के लिए भी खास आयोजन होंगे. 17 दिसंबर को कवि सम्मेलन और 19 दिसंबर को कव्वाली का आयोजन किया जाएगा. संत समागम के जरिए आध्यात्मिक माहौल भी देखने को मिलेगा.
20 दिसंबर तक चलेगा मीना बाजार
इस बार ददरी मेले का मीना बाजार 24 नवंबर से 20 दिसंबर तक आयोजित होगा. वहीं, 17 नवंबर को मेले का भूमि पूजन प्रस्तावित है. करीब 89 एकड़ क्षेत्र में मेले की तैयारियां की जा रही हैं. पशु मेला 9 से 30 नवंबर तक आयोजित होगा.
ददरी मेले के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की पूरी सूची
इस बार ददरी मेले में परंपरा, संस्कृति और आधुनिक मनोरंजन का अनोखा संगम देखने को मिलेगा. गोविंदा, सलमान अली और भोजपुरी कलाकारों की प्रस्तुतियों के कारण दिसंबर में बलिया का भारतेंदु कला मंच खास आकर्षण का केंद्र रहने वाला है.
यह भी पढ़ें: 2027 चुनाव से पहले UP पुलिस में बड़े फेरबदल की तैयारी: नोएडा-वाराणसी के कमिश्नर समेत 250 पुलिसकर्मियों की कुर्सी पर नजर