समाचार · छत्तीसगढ़
दीपावली से पहले बलौदाबाजार में पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला:बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में जवान तैनात,कलेक्टर ने सुरक्षित त्योहार मनाने की अपील की
दीपावली पर शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए बलौदाबाजार पुलिस ने नगर में फ्लैग मार्च निकाला। एसपी गौरव राय के निर्देश पर जिलेभर में पुलिस की मुस्तैदी बढ़ाई गई है। फ्लैग मार्च में पुलिस अधिकारी और जवान शामिल हुए। पुलिस बल ने नगर के प्रमुख रास्तों, चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था देखी। पुलिस ने लोगों से दीपावली आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाने की अपील की। प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और सार्वजनिक जगहों पर निगरानी रखी जा रही है। त्योहार के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने और किसी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने कहा कि शांति भंग करने, हुड़दंग मचाने और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मिट्टी के दीये जलाने की अपील कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने कहा कि दीपावली प्रकाश, खुशी और आपसी सद्भाव का पर्व है। उन्होंने दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाई दूज की शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। कलेक्टर ने लोगों से घरों में मिट्टी के दीये जलाने की अपील की। इससे स्थानीय कुम्हारों और शिल्पकारों को प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने हरित पटाखों का इस्तेमाल करने और पटाखे जलाते समय सुरक्षा का ध्यान रखने की भी सलाह दी। उन्होंने कहा कि सभी लोग स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल दीपावली मनाएं।