समाचार · मध्य प्रदेश
तेज रफ्तार बस की टक्कर से बुजुर्ग की मौत:ग्वालियर के घाटीगांव में हादसा; टक्कर मारने के बाद बस लेकर भागा चालक, पुलिस ने दर्ज किया केस
ग्वालियर के घाटीगांव थाना क्षेत्र में शनिवार शाम आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे (शिवपुरी लिंक रोड) पर तेज रफ्तार बस की टक्कर से 58 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। नत्थी लाल जैन सड़क पार कर चाय पीने के लिए होटल जा रहे थे, तभी शिवपुरी की ओर से आ रही बस ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में उनके सिर, सीने और हाथ में गंभीर चोटें आईं। घायल बुजुर्ग ने कुछ देर बाद दम तोड़ दिया। घटना के बाद चालक बस लेकर ग्वालियर की ओर भाग निकला। पीछे से आ रहे बाइक सवार कुबेर बघेल ने बस का पीछा कर उसका नंबर नोट कर लिया। इसी आधार पर पुलिस बस की पहचान कर चालक की तलाश में जुटी है। शाम 5:30 बजे चाय पीने निकले थे बुजुर्ग फरियादी मदनलाल जैन के मुताबिक, उनके बड़े भाई नत्थी लाल जैन (58) शनिवार शाम करीब 5:30 बजे घर के सामने स्थित देवनारायण होटल पर चाय पीने जा रहे थे। वे हाइवे पार कर सड़क की दूसरी ओर जा रहे थे, तभी शिवपुरी की तरफ से आ रही बस क्रमांक MP 07 ZD-8805 के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के बाद चालक बस लेकर ग्वालियर की ओर भाग गया। मौके पर मौजूद कुबेर बघेल ने मोटरसाइकिल से बस का पीछा किया और उसका नंबर नोट कर लिया। टक्कर मारकर भागा चालक, पुलिस ने दर्ज किया केस हादसे की सूचना मिलने पर घाटीगांव पुलिस मौके पर पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों और राहगीरों के बयान के आधार पर पुलिस ने बस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। बस नंबर के आधार पर चालक की तलाश की जा रही है। कुछ देर तक हाइवे पर तड़पते रहे बुजुर्ग हादसे के बाद घायल नत्थी लाल को इलाज के लिए ले जाने का प्रयास किया गया था। बताया गया है कि उस समय तक उनकी सांसें चल रही थीं, लेकिन गंभीर चोटों के कारण कुछ देर बाद उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को निगरानी में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।