समाचार · मध्य प्रदेश
चलती ट्रेन से उतरते समय युवक का पैर कटा:बेरछा रेलवे स्टेशन पर हुई घटना; वेंडर ने पटरी से खींचकर बचाई जान
शाजापुर जिले के बेरछा रेलवे स्टेशन पर शनिवार शाम चलती ट्रेन से उतरते समय 25 वर्षीय श्रवण सोनगरा घायल हो गए। ट्रेन की चपेट में आने से उनके पैर का पंजा कट गया। प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर मौजूद एक वेंडर ने उन्हें पटरी से खींचकर बाहर निकाला। इसके बाद 108 एंबुलेंस से उन्हें शाजापुर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। स्टॉपेज नहीं होने के बावजूद उतरने लगे युवक जानकारी के मुताबिक, श्रवण सोनगरा आगर मालवा जिले के चांदनगांव के रहने वाले हैं। उनके पिता का नाम शिवनारायण सोनगरा है। वे एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में ट्रक चलाते हैं। दीपावली मनाने के लिए वे भोपाल रेलवे स्टेशन से भोपाल-इंदौर इंटरसिटी ट्रेन (19324) में सवार हुए थे। शनिवार शाम करीब 7 से 7:30 बजे के बीच ट्रेन बेरछा स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 से गुजर रही थी। ट्रेन का यहां स्टॉपेज नहीं था। इसी दौरान श्रवण चलती ट्रेन से उतरने लगे और हादसे का शिकार हो गए। वेंडर ने हाथ पकड़कर पटरी से खींचा ट्रेन में सामान बेचने वाले एक वेंडर ने श्रवण को पटरी पर देखा। उसने उनका हाथ पकड़कर उन्हें प्लेटफॉर्म की ओर खींचा। तब तक श्रवण ट्रेन के चार-पांच डिब्बों की चपेट में आ चुके थे। 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया घटना की सूचना मिलने पर रेलवे प्रशासन ने 108 एंबुलेंस बुलाई। शाम करीब 8 से 8:30 बजे के बीच उन्हें शाजापुर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जिला अस्पताल के ड्यूटी डॉक्टर दीपक पाटीदार ने बताया कि बेरछा स्टेशन पर ट्रेन की चपेट में आने से घायल युवक को अस्पताल लाया गया है। उनका इलाज जारी है।