समाचार · बिहार
जहानाबाद में हार्वेस्टर के नीचे घुसी छात्रों से भरी ऑटो, दो की मौत; सात छात्र और चालक गंभीर

जहानाबाद-गया जी बॉर्डर पर हुलासगंज थाना क्षेत्र के कंदौल गांव के निकट सड़क पर खड़े एक हार्वेस्टर में पीछे से छात्रों से भरी ऑटो घुस गई. इस हादसे में हुलासगंज इंजीनियरिंग कॉलेज के दो छात्रों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य छात्र और ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गए. इनमें से दो छात्रों की चिंताजनक स्थिति को देखते हुए उन्हें पटना के मेदांता अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि पांच छात्रों और ऑटो चालक का इलाज जहानाबाद के कुर्मा मेडिकल कॉलेज में किया जा रहा है.
जहानाबाद की जिलाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने दो छात्रों की मौत की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायल दो छात्रों को मेदांता अस्पताल, पटना भेजा गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज कुर्मा मेडिकल कॉलेज में चल रहा है.
घटना के बाद पूरे जिले में हड़कंप मच गया. घायल छात्रों को अस्पताल पहुंचाने के लिए जहानाबाद, घोसी और काको से एंबुलेंस हुलासगंज भेजी गईं. हुलासगंज थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद हार्वेस्टर में फंसे छात्रों और ऑटो को बाहर निकलवाया.
गया जी से परीक्षा देकर लौट रहे थे सभी छात्र
बताया जाता है कि सभी छात्र हुलासगंज इंजीनियरिंग कॉलेज के विद्यार्थी हैं. वे गया में 2024-28 सेमेस्टर की परीक्षा देने के लिए एक ऑटो बुक कर गए थे. ऑटो में कुल नौ छात्र सवार थे और एक चालक उसे चला रहा था.
हुलासगंज के कंदौल गांव के निकट एक हार्वेस्टर का पहिया ब्लास्ट हो गया था, जिसके कारण वह सड़क पर खड़ा था. इसी दौरान गया की ओर से तेज गति से आ रही ऑटो के चालक का संतुलन बिगड़ गया और ऑटो पीछे से हार्वेस्टर के नीचे घुस गई. हादसे में ऑटो पर सवार सभी नौ छात्र और चालक गंभीर रूप से घायल हो गए.
प्राथमिक उपचार के बाद कुर्मा मेडिकल कॉलेज भेजे गए घायल
दुर्घटना के बाद सभी घायलों को सबसे पहले हुलासगंज पीएचसी ले जाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जहानाबाद सदर अस्पताल रेफर किया गया. हालांकि, छात्रों के परिजनों के अनुरोध पर सभी घायलों को इलाज के लिए जहानाबाद के कुर्मा मेडिकल कॉलेज भेजा गया.
मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दो छात्रों की मौत हो गई. वहीं, दो अन्य छात्रों की स्थिति बिगड़ने पर उन्हें गंभीर हालत में पटना के मेदांता अस्पताल रेफर कर दिया गया. बाकी पांच छात्रों और ऑटो चालक का इलाज कुर्मा मेडिकल कॉलेज में चल रहा है.
डीएम और एसडीओ पहुंचे मेडिकल कॉलेज, इलाज की ली जानकारी
घटना की जानकारी मिलने के बाद जहानाबाद के अनुमंडल पदाधिकारी राजीव रंजन सिन्हा मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायलों की स्थिति पर नजर बनाए रखी. जिलाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने भी कुर्मा मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायल छात्रों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना. उन्होंने अस्पताल के निदेशक और चिकित्सकों को सभी घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
घायलों में अविनाश कुमार, आकाश कुमार, मुन्ना कुमार, विकास कुमार, गौरव कुमार, अनंत कुमार, अंकित कुमार, कुमार गौरव, आशीष कुमार और मनप्रीत शामिल हैं. इनमें से किन दो छात्रों की मौत हुई है, इसकी जानकारी तत्काल कोई भी पदाधिकारी नहीं दे पा रहा था. अस्पताल में चिकित्सक घायलों के इलाज और उनकी स्थिति संभालने में जुटे हुए थे.
इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद छात्रों के परिजन बदहवास हालत में कुर्मा मेडिकल कॉलेज पहुंच रहे थे. अस्पताल परिसर में परिजनों की भीड़ जुट गई थी.