समाचार · छत्तीसगढ़
कोंडागांव की तीन खिलाड़ी राष्ट्रीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता के लिए रवाना:पुष्पा मरकाम, नंदनी और लक्ष्मी देवांगन त्रिपुरा में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगी
कोंडागांव के शासकीय गुण्डाधुर स्नातकोत्तर महाविद्यालय की तीन छात्राओं का चयन राष्ट्रीय स्तर की महिला बास्केटबॉल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। खिलाड़ी पुष्पा मरकाम, नंदनी और लक्ष्मी देवांगन अखिल भारतीय अंतरविश्वविद्यालयीन महिला बास्केटबॉल प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए त्रिपुरा रवाना हो गई हैं। तीनों खिलाड़ी अब राष्ट्रीय स्तर पर अपने खेल का प्रदर्शन करेंगी। यह प्रतियोगिता 11 से 15 नवंबर तक त्रिपुरा विश्वविद्यालय, अगरतला में आयोजित होगी। इसमें देशभर के विश्वविद्यालयों की महिला टीमें हिस्सा लेंगी। तीनों खिलाड़ी शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय, जगदलपुर की टीम में शामिल हैं। प्रतियोगिता की तैयारी के लिए 5 और 6 नवंबर को जगदलपुर में विशेष प्रशिक्षण शिविर लगाया गया था। इसमें खिलाड़ियों ने खेल की तकनीक और टीम के साथ बेहतर तालमेल बनाने का अभ्यास किया। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अच्छे प्रदर्शन का मिला फायदा तीनों खिलाड़ियों ने बलौदाबाजार जिले के भाटापारा में आयोजित राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन किया था। इसी प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन विश्वविद्यालय की महिला बास्केटबॉल टीम में हुआ। अब तीनों के सामने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका है। प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में की तैयारी इस उपलब्धि में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सरला आत्राम के मार्गदर्शन और क्रीड़ा अधिकारी एचआर यदु के प्रशिक्षण की अहम भूमिका रही है। महाविद्यालय में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और छात्राओं को आगे बढ़ने के अवसर देने का प्रयास किया जा रहा है। तीनों छात्राओं के राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन होने पर महाविद्यालय परिवार और क्षेत्र के खेल प्रेमियों में खुशी है। सभी ने खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन और जीत के लिए शुभकामनाएं दी हैं।