Sunday, 8 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

जगदलपुर के मोती ज्वेलर्स में 1.74 करोड़ के जेवर चोरी:ग्राहक बनकर पहुंचीं महिलाएं;बच्चों संग मिलकर उड़ाया सोने से भरा डिब्बा, वारदात CCTV में कैद

INT News7 November 2026 at 10:23 pm

छत्तीसगढ़ में दीपावली त्योहार पर जगदलपुर के संजय मार्केट के पास स्थित मोती ज्वेलर्स में चोरी हुई है। दुकान मालिक के अनुसार ग्राहक बनकर आईं महिलाओं ने करीब 1 किलो से ज्यादा सोने के जेवरों से भरा एक डिब्बा पार कर दिया है। जेवरात की कीमत करीब 1 करोड़ 74 लाख रुपए से ज्यादा बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि महिलाएं दुकानदार का ध्यान भटकाकर जेवरात पार कर दीं। चोरी की पूरी वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज सामने आने के बाद पुलिस आरोपियों की पहचान में जुट गई है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। ग्राहक बनकर पहुंचीं महिलाएं, नजर बचाकर डिब्बा उठाया जानकारी के मुताबिक, महिलाएं बच्चों के साथ ग्राहक बनकर मोती ज्वेलर्स पहुंची थीं। इस दौरान उन्होंने दुकान में आभूषण देखने के बहाने दुकानदार को व्यस्त रखा। इसी बीच दुकानदार का ध्यान दूसरी तरफ जाते ही एक महिला ने सोने के आभूषणों से भरा डिब्बा उठाया और अपने झोले में रख लिया। इसके बाद महिलाएं वहां से निकल गईं। दुकान संचालक ने बताई 1.74 करोड़ से ज्यादा की कीमत दुकान संचालक के मुताबिक, चोरी हुए डिब्बे में करीब 1 किलो से ज्यादा के सोने के आभूषण थे। इनकी कीमत 1 करोड़ 74 लाख रुपए से ज्यादा बताई जा रही है। हालांकि, चोरी हुए आभूषणों की वास्तविक मात्रा और कीमत का आधिकारिक आकलन अभी नहीं हुआ है। पुलिस ने दुकान संचालक से आभूषणों के बिल मांगे हैं। बिल के आधार पर ही चोरी हुए सोने की मात्रा और कीमत का मिलान किया जाएगा। CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश वारदात की सूचना मिलने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर महिलाओं और उनके साथ मौजूद बच्चों की पहचान करने में जुटी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आरोपी महिलाएं कहां की रहने वाली हैं। सिटी कोतवाली थाना प्रभारी लीलाधर राठौर ने बताया कि मोती ज्वेलर्स में चोरी की सूचना मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति साफ हो सकेगी।