समाचार · मध्य प्रदेश
CM उज्जैन में 46 किसानों को बांटेंगे 37 करोड़ मुआवजा:सिंहस्थ की 50 किमी सड़कों, 84 महादेव मंदिरों समेत 948 करोड़ के कामों की देंगे सौगात
सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को गति देने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार को उज्जैन में 948.73 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। इन कार्यों में सिंहस्थ मेला क्षेत्र में 50 किलोमीटर लंबी सड़कों का निर्माण, श्री अंगारेश्वर महादेव मंदिर और 84 महादेव मंदिरों का विकास शामिल है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सड़क निर्माण के लिए भूमि देने वाले 46 किसानों को 37 करोड़ रुपए का मुआवजा भी वितरित करेंगे। भूमिपूजन कार्यक्रम सुबह 10 बजे चिंतामण रोड स्थित अथर्व होटल में होगा। इसके बाद मुख्यमंत्री भाजपा के दीपावली मिलन समारोह में भी शामिल होंगे। विकास कार्य उज्जैन विकास प्राधिकरण (यूडीए) के माध्यम से कराए जाएंगे। सिंहस्थ क्षेत्र में 495 करोड़ से बनेंगी सड़कें सिंहस्थ क्षेत्र में करीब 50 किलोमीटर लंबी पक्की सड़कों का निर्माण 495 करोड़ रुपए की लागत से किया जाएगा। इन सड़कों के बनने से सिंहस्थ के दौरान मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं और अन्य वाहनों का आवागमन आसान होगा। सड़क निर्माण में जिन किसानों की जमीन ली जा रही है, उन्हें नियमानुसार मुआवजा दिया जा रहा है। इस मद में कुल करीब 370 करोड़ रुपए वितरित किए जाने हैं। मंगलवार को 46 किसानों को 37 करोड़ रुपए दिए जाएंगे। अंगारेश्वर और 84 महादेव मंदिरों का होगा विकास श्री अंगारेश्वर महादेव मंदिर के विकास पर 3 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इसके तहत मंदिर परिसर का विकास, दुकानों का व्यवस्थित निर्माण और पार्किंग की सुविधा विकसित की जाएगी। वहीं, 84 महादेव मंदिरों के विकास के पहले पैकेज पर 3.80 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इसमें मंदिरों के फर्श और दीवारों का सौंदर्यीकरण, जरूरी मरम्मत, वॉटरप्रूफिंग, विश्राम शेड, पेयजल सुविधा और सीसी रोड निर्माण जैसे काम किए जाएंगे। इसका उद्देश्य सिंहस्थ से पहले मंदिरों में श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं बेहतर करना है।